सोमवार दोपहर आंधी पानी में घंटों कटी रही बिजली
पथरगामा में तार जोड़ने के दौरान सात घंटे बाधित रही आपूर्ति
गोड्डा : जिला मुख्यालय समेत पोड़ैयाहाट, सुंदरपहाड़ी व ग्रामीण फीडरों में दो दिनों में 14 घंटे बिजली गुल रही. सोमवार दोपहर में आयी तेज आंधी व बारिश के बाद दोपहर से बाधित बिजली आपूर्ति रात साढ़े आठ बजे बहाल हो पायी. लेकिन ठीक दूसरे ही दिन मंगलवार की सुबह फिर बिजली गुल हो गयी. पथरगामा थाना क्षेत्र के गोरसंडा के पास हाइटेंशन तार की चपेट में आने से मवेशी की मौत होने के बाद सात घंटे तक बिजली आपूर्ति फिर बाधित हो गयी. चिलचिलाती धूप व उमस भरी गरमी में लोग खासे परेशान रहे. देखने वाला कोई नही है. बिजली को लेकर शहर में लोगों में खासा अाक्रोश है. विभाग तकनीकी त्रूटियों को दिखा कर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं.
लेकिन आये दिन बिजली की खराबी के कारण अब लोगों का जीना मुहाल हो गया है. उससे भी दुर्भाग्य की बात यह है कि देखने वाला कोई नहीं है न तो जिले के अलाधिकारी व और न ही जनप्रतिनिधि. दोनों ही मौन साधे रहते हैं. एक तरफ विभाग में कर्मियों की कमी है. यह हाल कोई नया नहीं है बल्कि कई माह से बना हुआ है. जिले की लाखों की आबादी आये दिन खराबी होने से परेशान व त्राहिमाम कर चुकी है.
