बोआरीजोर प्रखंड के लीलातरी 1 पंचायत के हरकट्टा गांव में मैदान स्थित सिदो-कान्हू प्रतिमा परिसर में जयंती के अवसर पर भव्य मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में आदिवासी संथाली ड्रामा और लंगड़े नाच का आयोजन भी हुआ, जिसमें दर्जनों ग्रामीणों ने भाग लिया. ड्रामा प्रतियोगिता में प्रथम स्थान डूमर हिल को 25 हजार, द्वितीय स्थान बाघमारा को 20 हजार और तृतीय स्थान धनकुंडा को 17 हजार रुपये दिये गये. वहीं, लंगड़े नाच में प्रथम स्थान हरखा, द्वितीय स्थान तेलोजबदी और तृतीय स्थान हिरणपुर को क्रमशः 20, 15 और 10 हजार रुपये प्रदान किये गये. सभी विजेताओं और उपविजेताओं को महागामा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबोध सोरेन, मुखिया ललिता किस्कू, झामुमो क्षेत्रीय कमेटी अध्यक्ष ताला बाबू हांसदा और मुखिया प्रतिनिधि सोनालाल टुडू द्वारा संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया. इस अवसर पर मुखिया ललिता किस्कू ने कहा कि बीबीसी क्लब हरकट्टा के सदस्यों द्वारा वीर शहीद सिदो-कान्हू की जयंती पर मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर आदिवासी संस्कृति को जीवित रखने का प्रयास किया गया. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी संस्कृति से होती है और इसे संरक्षित रखना आवश्यक है. कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये. इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष मसीचंद किस्कू, सचिव डोमन मरांडी, संयोजक प्रेमलाल सोरेन और कोषाध्यक्ष मनोज टुडू भी उपस्थित थे.
सिदो-कान्हू की जयंती पर हरकट्टा गांव में मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम
आदिवासी नृत्य एवं ड्रामा में ग्रामीणों ने दिखायी प्रतिभा
