लाचारी कड़के की धूप में एटीएम खुलने का लोगों ने किया इंतजार
गोड्डा : लगन के समय में शहरी क्षेत्र में नकदी संकट व लिंक फेल रहने से उपभोक्ता खासे परेशान दिखे. रुपये निकालने के लिए लोग नहर चौक व बिजली ऑफिस का चक्कर काटते रहे.
रविवार को शहरी क्षेत्र में कई एटीएम के शटर बंद रहने से उपभोक्ताओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा. सुबह से ही कई उपभोक्ता शहर के चौक-चौराहों पर रुपये निकासी को लेकर चक्कर काट रहे थे. लेकिन एक भी एटीएम खुला नहीं रहने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है. उपभोक्ताओं ने बताया कि कई एटीएम में लिंक फेल होने का बोर्ड लटका, तो कई एटीएम में पैसा नहीं रहने का बोर्ड लटका था. जरूरत मंद लोग पैसे की निकासी के लिए हलकान व परेशान रहे.
उपभोक्ताओं ने बताया कि अपने पैसे के रहने के बाद भी विभिन्न बैंक के एटीएम से राशि की निकासी नहीं होने के कारण कार्यों को निबटाने में कठिनाई का सामना करना पड़ा है. रोगी के इलाज कराने के लिए बैंक के एटीएम से निकासी करने आये लोगों को व्यवस्था पर आक्रोश व्यक्त करते देखा गया. उपभोक्ता गुंजन कुमार, मोनालिसा कुमारी, इम्तियाज अंसारी, रंजन कुमार, रंजीत कुमार आदि ने बताया कि इस तरह से एटीएम के बंद रहने के कारण समय पर लोगों का काम नहीं हो पाया है. तकरीबन दस बजे के बाद कारगिल चौक स्थित एटीएम का शटर खुलने के बाद दर्जनों लोगों की भीड़ पैसा निकासी के लिए लाइन पर लग गयी. घंटों इंतजार करने के बाद पुन: लिंक फेल होने का बोर्ड लगा दिया. चिलचिलाती धूप में लाइन में लगे लोगेां ने बैंक की इस व्यवस्था पर आक्रोश व्यक्त किया.
