वारदात. सुंदरपहाड़ी में 24 घंटे में हुई दो आपराधिक घटनाएं, पुलिस कर रही छानबीन
सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र में तेज धारदार हथियार से दो अलग-अलग गांवों में अपराध की घटनाओं से थाना क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है. पहली घटना में सास की दूसरी बेटी के बयान पर थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज हो गयी है.
सुंदरपहाड़ी : सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के महुआटांड़ व करमाटाड़ गांव में तेज धारदार हथियार की वार से हुई दो घटनाओं से गांव में सनसनी फैल गयी है. पहली घटना में सास की हत्या करने वाले दामाद को अब तक पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पायी है. घटना के नामजद आरोपित प्रकाश राय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. मगर अब तक उसका पता लगाने में असफल रही है. थाना में दर्ज मामले पर पुलिस कुछ स्थानों में छापेमारी कर चुकी है.
मगर सफलता अब तक हाथ नहीं लगी है.मालूम हो कि रविवार की रात गांव में देर रात सास तथा दामाद के बीच हुए झगड़े में दामाद प्रकाश राय ने धारदार हथियार से सास सीता देवी के गरदन पर वार कर मौत के घाट उतार दिया. मौत के बाद प्रकाश राय तथा पत्नी दोनों फरार है. पुलिस द्वारा बताया जा रहा है कि प्रकाश राय अपने ससुराल में घर जमाई बन कर रह रहा था. दोनों के बीच जमीन व अन्य मामले को लेकर लगातार लड़ाई होती थी.
रविवार की रात लड़ाई के बाद दामाद ने घर से धारदार हथियार से वार कर जान ले लिया. घटना के बाद थाना प्रभारी सत्येंद्र प्रसाद द्वारा लाश को जब्त कर लिया. मृतिका दूसरी बेटी पिंकी देवी के बयान पर थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया . घटना के बाद पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की. थाना प्रभारी सुरेंद्र सुमन ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
धारदार हथियार से वार, सनसनी
तलवार से वार कर आदिवासी को किया घायल
अपराध की दूसरी घटना मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे की बतायी जाती है. थाना के करमाटांड़ गांव के मंदिर टोला निवासी मांझी टुडू पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया. गांव के ही ऐना अंसारी का नाती द्वारा हमला किया गया. हालांकि पुलिस को अब तक घायल मांझी टुडू से फर्द बयान नहीं मिल पाया है.
इस कारण आरोपित के नाम की जानकारी नहीं मिल पायी है. पीड़ित मांझी टूडू दोपहर में जंगल से मवेशी चरा कर गांव वापस लौट रहा था. रास्ते में ही ऐना अंसारी का नाती किसी बात पर घर से तलवार निकाल कर मांझी पर सीधे वार कर दिया. घायल का इलाज सुंदरपहाड़ी सीएचसी में चल रहा है. पुलिस मामला दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी में जुट गयी है.
