गोड्डा : फसियाडेंगाल के ग्रामीणों ने राशन कार्ड वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया है. राशन कार्ड वितरण के दौरान नाराज वार्ड 19 लोगों ने में हंगामा कर दिया.
धांधली की शिकायत पर मुहल्लेवासी व वार्ड पार्षद आमने-सामने हो गये. शुक्रवार की सुबह वार्ड पार्षद शत्रुघ्न गंधर्व के आवास पर मुहल्लेवासियों के बीच राशन कार्ड का वितरण किया जा रहा था. मुहल्लेवासियों ने वार्ड पार्षद पर आरोप लगाया कि 500-500 रुपये प्रति लाभुक से वसूली की जा रही है. वार्ड पार्षद के आवास पर जुटे मुहल्लेवासियों ने कहा कि वार्ड पार्षद द्वारा लाभुक से पैसे की मांग की जा रही थी. राशि नहीं देने पर लाभुकों के बीच राशन कार्ड का वितरण नहीं किया जा रहा था.
इसको लेकर जुटे लाभुकों ने वार्ड पार्षद के घर जाकर सबसे पहले राशन कार्ड की मांग की. नहीं देने पर वार्ड पार्षद से उलझ गये. मुहल्लेवासियों ने बताया कि परिजनों को वसूली के काम में लगाया गया था. जबकि राशन कार्ड का वितरण निशुल्क किया जाना है. इसके बाद वार्ड पार्षद ने किसी तरत मामले को शांत कराया.
