कर्तव्यहीनता . सुंदरपहाड़ी के दो शिक्षक पर गिरी गाज, डीएसइ ने की कार्रवाई
गोड्डा : सुंदरपहाड़ी के दो शिक्षकों पर जिला शिक्षा अधीक्षक ने कार्रवाई की है. डीएसइ विनीत कुमार ने दो शिक्षकों को कर्तव्यहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया है. डीएसइ श्री कुमार ने प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय सेना के शिक्षक रामजीवन हांसदा व उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिंदरी जोला के साहेब हेंब्रम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. दोनों शिक्षकों पर समय पर विद्यालय नहीं खोलने, विद्यालय नहीं खुलने पर मध्याह्न भोजन योजना प्रभावित रहने तथा विद्यालय के छात्रों के बीच छात्रवृति व पोशाक वितरण नहीं करने को लेकर डीएसइ ने कार्रवाई की है.
बीइइओ अशोक कुमार पाल के ओर से सौंपे गये प्रतिवेदन के आधार पर डीएसइ ने दोनों शिक्षकों पर यह कार्रवाई की है. मालूम हो कि बीइइओ द्वारा प्रतिवेदन में इस बात का जिक्र किया गया था कि शिक्षकों द्वारा कई दिनों से विद्यालय नहीं खोला गया और न ही किसी प्रकार की सरकारी योजना का लाभ विद्यालय के बच्चों को मिला है
रिपोर्ट पर जांच हुई और लापरवाही उजागर होने पर कार्रवाई की गयी. गौरतलब है कि प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्र से आये दिन इस तरह की शिकायत आ रही थी. जिस पर कार्रवाई की गयी.
