अपराधियों ने घर का दरवाजा खुलवा गर्भवती महिला को मारी गोली, मौत

कुटुंबा : कुटुंबा थाना क्षेत्र के पिपरा बगाही गांव में सोमवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने घर का दरवाजा खुलवा कर संगीता देवी नामक गर्भवती महिला की गोली मार कर हत्या कर दी. संगीता अजय पाठक की पत्नी थी. घटना की सूचना पर एसडीपीओ अनूप कुमार, इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष कमलेश पासवान पहुंचे […]

कुटुंबा : कुटुंबा थाना क्षेत्र के पिपरा बगाही गांव में सोमवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने घर का दरवाजा खुलवा कर संगीता देवी नामक गर्भवती महिला की गोली मार कर हत्या कर दी. संगीता अजय पाठक की पत्नी थी.
घटना की सूचना पर एसडीपीओ अनूप कुमार, इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष कमलेश पासवान पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी. मृतका के पति अजय पाठक ने पुलिस को बताया कि सोमवार की रात आधा दर्जन अपराधी घर का दरवाजा खुलवा कर घुसे और सामान को तितर-बितर करने के बाद पास में सो रही संगीता के सिर में गोली मार दी.
इधर ग्रामीणों की माने तो एक दर्जन से अधिक पहुंचे अपराधियों ने पहले पड़ोसी रामाशंकर मिश्र को घर से उठा कर बाहर लाये और उनसे अजय के घर के संबंध में जानकारी ली. रामाशंकर को लेकर अपराधी अजय पाठक के घर तक गये और फिर दरवाजा खुलवा कर घटना को अंजाम दिया. इधर पता चला कि मृतका का मायका फेसर थाना क्षेत्र के बभंडीहा गांव में है और उसकी एक तीन साल की बेटी भी है.
मृतका की बहन सावित्री कुमारी संगीता के साथ ही रह कर मैट्रिक की परीक्षा दे रही थी. इधर रामाशंकर मिश्र ने बताया कि उनके घर पर आये अपराधी हथियारों से लैस थे और सभी काले रंग के थे. हालांकि घटना संदेह के घेरे में है और पूरी घटनाक्रम के आंतरिक पहलुओं को पुलिस खंगालने में जुटी है. घटना से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए पुलिस ने मृतका के पति को थाना लायी है. यानी कि पुलिस भी कहीं न कहीं घटना को संदेह की दृष्टि से देख रही है.
सबसे बड़ी बात जो चर्चा में है वह यह है कि आखिर संगीता को ही अपराधियों ने गोली क्यूं मारी? दूसरी चर्चा यह है कि अपराधियों की सही संख्या पति द्वारा क्यों नहीं बतायी गयी? रामाशंकर मिश्र या गांववाले अपराधियों की संख्या एक दर्जन से ऊपर बता रहे थे,जबकि पति आधा दर्जन बता रहा था.थानाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा है कि बहुत जल्द घटना का खुलासा कर लिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >