प्रेमिका से मिलने के बहाने युवक को बुलाया, हत्या कर शव ठिकाने लगाने का आरोप; प्रेमिका समेत चार गिरफ्तार

गिरिडीह के बेंगाबाद में प्रेम प्रसंग के चलते युवक की निर्मम हत्या कर शव जलाया गया. पुलिस ने प्रेमिका और उसके माता-पिता समेत 6 लोगों को हिरासत में लिया है.

बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गोलगो पंचायत के पहाड़पुर गांव में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने तीन दिन के अंदर उद्भेदन करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, बिहार के जमुई जिले के बीचकोड़वा थाना क्षेत्र के मोरियाडीह गांव निवासी मिथुन उर्फ कारू दास (19) की हत्या कर शव को पहाड़पुर गांव में ठिकाने लगाया गया था. मामले में पुलिस ने मृतक की प्रेमिका समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है.

एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और बेंगाबाद पुलिस ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस कर मामले की जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को करीब 11.30 बजे पहाड़पुर गांव में एक व्यक्ति के शव के कुछ हिस्से जमीन के बाहर पड़े होने और कुछ हिस्सा जमीन में दबे होने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.

प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या का आरोप

पुलिस जांच में मृतक की पहचान मिथुन दास उर्फ कारू दास, पिता मथुरा दास, निवासी मोरियाडीह, थाना बीचकोड़वा, जिला जमुई के रूप में हुई.

जांच में पुलिस को पता चला कि मिथुन का पहाड़पुर गांव निवासी सपना कुमारी के साथ प्रेम प्रसंग था. दोनों मोबाइल के जरिए बातचीत करते थे और मिथुन अक्सर सपना से मिलने उसके घर आता था. पुलिस के अनुसार, युवती के परिजन इस रिश्ते से नाराज थे और उन्होंने दोनों को बातचीत से मना किया था. इसके बावजूद दोनों के बीच बातचीत जारी थी.

पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त की शाम करीब 6.30 बजे मिथुन घर से निकला था, जिसके बाद वह लापता हो गया. उसके पिता मथुरा दास ने 4 सितंबर को बेंगाबाद थाना में कांड संख्या 156/26 दर्ज कराया.

तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

गिरिडीह एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ायी.

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने मिथुन को प्रेमिका से मिलने के बहाने घर बुलाने और उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की. इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को जलाकर जमीन में दबाने की बात भी सामने आयी.

ये भी पढ़ें: क्रेडिट कार्ड पास था फिर भी 50 हजार की ऑनलाइन खरीदारी, बगोदर का युवक साइबर ठगी का शिकार

पुलिस ने मामले में प्रेमिका सपना कुमारी, उसके पिता जगदीश दास, माता रेशमी देवी और गांव के पंकज कुमार दास को गिरफ्तार किया है. वहीं दो विधि विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है. सभी पहाड़पुर गांव के रहने वाले हैं.

हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार समेत कई सामान बरामद किये हैं. इनमें प्लास्टिक हैंडल लगी आरी, खून लगा टांगी, खून लगा जींस, जला हुआ कपड़ा और चेन, मिट्टी तेल की बोतल, खून लगा बेडशीट व तकिया कवर, जूते, खून लगे शादी कार्ड, ओढ़नी और घटना में इस्तेमाल दो मोबाइल शामिल हैं.

घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की और आवश्यक सामग्री को बरामद कर सुरक्षित किया.

तीन दिन में उद्भेदन पर पुलिस टीम को मिलेगा सम्मान

एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने कहा कि मामले के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने लगातार मेहनत की. उन्होंने बताया कि तीन दिन के अंदर मामले का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंचने में टीम को सफलता मिली है.

उन्होंने कहा कि बेहतर काम करने वाली पुलिस टीम को सम्मानित करने के लिए विभाग को पत्राचार किया जाएगा.

मामले की जांच में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के साथ पुलिस इंस्पेक्टर बमबम कुमार, थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह, महिला पुलिस अवर निरीक्षक दीपमाला कुमारी, एसआई विजय मंडल, जगन्नाथ पान समेत अन्य पुलिस जवान शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashok sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >