Giridih News : :अपनी शादी की खरीदारी करने गये युवक की दुर्घटना में मौत

Giridih News :हीरोडीह थाना क्षेत्र के कर्माटांड़ मानिकबाद गांव में मंगलवार को काफी दुखद घटना घटी. इसमें पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. जिस घर से आज गाजे-बाजे के साथ बरात निकलने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है.

जानकारी के अनुसार गांव के महेश मुर्मू, पिता सोमरा मुर्मू की मंगलवार को शादी होनी थी. घर में उत्सव का माहौल था और शादी की रस्में चल रही थीं. इसी बीच सुबह लगभग 10 बजे वह कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए बाइक से अपने दोस्त शिवन मुर्मू के साथ करिहारी बाजार आया. लौटने के क्रम में करिहारी मोड़ पर धनवार की ओर से आ रहे हाइवा ने बाइक में सामने से धक्का मार दिया. इसमें महेश मुर्मू की मौत हो गयी, वहीं शिवन घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया. वहीं, घायल शिवन मुर्मू को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

गांव में शोक की लहर

घर में शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं. मेहमान पहुंच गये थे और कुछ ही घंटों में बरात रवाना होनेवाली थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग इस दुखद घड़ी में परिवार को ढाढ़स बंधाने पहुंच रहे हैं. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pradeep kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >