Giridih News :बिरनी में खेत में काम करने गयी महिला को हाथियों ने कुचला, मौत
Giridih News :बिरनी प्रखंड के बंगराकला निवासी पेमा साव की पत्नी रधिया देवी (47) को हाथियों ने कुचल दिया. इससे उसकी मौत हो गयी. घटना शनिवार सुबह लगभग सात बजे की पंदनाकला के जंगल की है.
Giridih News :बिरनी में खेत में काम करने गयी महिला को हाथियों ने कुचला, मौत
बताया जा रहा है कि रधिया गांव की दो अन्य महिलाओं के साथ पंदनाकला मौजा में अपना खेत को देखने के लिए गयी हुई थी. इसी बीच दो हाथी जंगल से निकले और रधिया को कुचल दिया. हाथी को देख साथ गयी अन्य महिलाएं भाग गयीं. महिलाओं ने हो-हल्ला कर ग्रामीणों को सूचना दी. घटना की सूचना मिलते ही पूरे आसपास गांवों में दहशत का माहौल है. हो हल्ला सुनकर अगल बगल के गांव पंदनाकला, बंगराकला, दलांगी, गुड्डीटांड़, बेहराबाद के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे. शव को देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गयी.
घटना की सूचना पर मृतक का पति पहुंचा
मृतक रधिया देवी का पति प्रेमा साव बोकारो में मजदूरी करता है. घटना के समय वह बोकारो में ही था. सूचना पर वह गांव पहुंचा. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
दो घंटे बाद पहुंची वन विभाग की टीम
इधर, सूचना के दो घंटे के बाद वन विभाग के प्रभारी फॉरेस्टर योगेंद्र प्रसाद, उपवन परिसर पदाधिकारी अबोध कुमार महथा, बीरेंद्र प्रसाद व गोपाल रजक ने पहुंचे और मामले की जानकारी ली. विभाग की ओर से तत्काल 50 हजार रुपये नकद मृतक के पति दिया. कहा कि शेष राशि साढ़े तीन लाख प्रक्रिया पूरी होने के बाद भुगतान किया जायेगा.
दो भागों में बंट गया है 24 हाथियों का झुंड
बंगराकला निवासी पेमा साव की पत्नी रधिया देवी की मौत की खबर घटना के बाद परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलते ही सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा, भाजपा नेता लक्ष्मण दास, कपिलो के मुखिया मुकेश यादव, आजसू प्रखंड अध्यक्ष अनिल रजक समेत सैकड़ों की संख्या में कई लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को अविलंब मुआवजा देने की मांग वन विभाग के अधिकारियों से की है. सूचना मिलते ही बिरनी थाना के एएसआई चरवा मिंज, चौकीदार बलदेव ठाकुर, अनिल पासवान ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली.
वन विभाग के खिलाफ निकाला भड़ास
मौके पर उपस्थित जन प्रतिनिधियों ने वन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ भड़ास निकालते हुए कहा कि हाथियों के लगातार विचरण पूरे क्षेत्र में दहशत है. झुंड को भगाने की समुचित व्यवस्था करें, अन्यथा इसका खामियाजा विभाग के अधिकारियों को भुगतना पड़ेगा. हाथियों से प्रभावित गांव के ग्रामीणों के लिए लाइट व टार्च की व्यवस्था कराने की मांग की. वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इस तरह का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है.
क्षेत्र बन गया है हाथियों का कॉरीडोर
कहा कि हाथियों का यह क्षेत्र कॉरिडोर बन गया है. उनका आना-जाना लगा रहेगा. हाथियों के रास्ता को अवरुद्ध किया जा रहा है. लोग कॉरिडोर में घर बना रहे हैं व जंगल उजड़ रहा है. आने वाले दिनों में स्थिति और बिगड़ने वाली है. इससे बचने के लिए लोग जंगल की ओर ना जायें. लगातार लोगों को व्हाट्स एप के माध्यम से हाथी के आने की जानकारी दी जा रही है, बावजूद वे जंगल की ओर जा रहे हैं. लोगों से कहा कि हाथी के आने की सूचना तुरंत विभाग को दें. कहा कि 24 हाथियों के झुंड में कई हाथी टीम में बंटकर भटक गये हैं. हाथियों ट्रैक किया जा रहा है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.