गावां थाना क्षेत्र के तारापुर स्थित बंद पड़े पत्थर खदान में डूबी लोरिया निवासी सावनी मंझियाइन का शव पांचवें दिन भी बरामद नहीं हो सका. महिला की तलाश के लिए रांची से आयी एनडीआरएफ की टीम ने गुरुवार और शुक्रवार को लगातार सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी.
दो दिनों तक चला सर्च अभियान
महिला के शव की तलाश में एनडीआरएफ की टीम ने खदान में घंटों तक अभियान चलाया. खदान की अधिक गहराई और अंदर मौजूद बड़े-बड़े पत्थरों के कारण खोज अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद टीम ने हर संभव प्रयास किया, लेकिन शव का पता नहीं चल सका.
परिजनों और ग्रामीणों में बढ़ी मायूसी
पांच दिनों से लगातार चल रहे प्रयासों के बावजूद महिला का शव नहीं मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं ग्रामीणों में भी मायूसी और चिंता बढ़ गयी है. स्थानीय लोग लगातार प्रशासन से महिला की तलाश जारी रखने की मांग कर रहे हैं.
टीम के लौटने पर ग्रामीणों ने किया विरोध
शुक्रवार को जब एनडीआरएफ की टीम बिना सफलता के लौटने लगी तो कुछ ग्रामीणों ने विरोध जताया. ग्रामीणों का कहना था कि महिला के शव की बरामदगी तक खोज अभियान जारी रखा जाना चाहिए. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाते हुए स्थिति की जानकारी दी और आगे भी आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया.
गौरतलब है कि सावनी मंझियाइन सोमवार को बंद पड़े पत्थर खदान में डूब गयी थी. घटना के बाद से प्रशासन, स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही है.
