Giridih News : हुजूर की आमद मरहबा...सरकार की आमद मरहबा...से गूंजा गिरिडीह

Giridih News : जिले भर में मना जश्न ए ईद मिलादुन्नबी, जगह-जगह निकला जुलूस, हुआ जलसा

Giridih News : पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जन्म दिवस (यौम ए पैदाइश ) यानी जश्ने ईद मिलादुन्नबी शुक्रवार को जिले भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. ईद मिलादुन्नबी यानी 12 रबीउल अव्वल के मौके पर अकीदतमंदों ने मस्जिदों, मदरसों समेत घरों में कुरान पाक की तिलावत, मिलाद ए पाक, नातिया कलाम व जलसा का आयोजन किया और जलेबी का फातिहा कराया. इस दौरान ‘हुजूर की आमद मरहबा.. सरकार की आमद मरहबा..आका की आमद मरहबा..जश्ने ईद मिलाद सब मना..आ गए हुजूर आ गये…’ सरीखे नारों से इलाका गुंजायमान रहा.

तंजीम अहले सुन्नत के नेतृत्व में निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी :

मजहब -ए- इस्लाम धर्म के प्रवर्तक हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्ल. अलैहे वसल्लम के जन्मदिन के अवसर पर तंजीम अहले सुन्नत के बैनर तले सैयद मीरान फातत्मी एवं मौलाना मो. शमीम अख्तर मिस्बाही के नेतृत्व में शहरी और करहरबारी चौरासी पंचायत से जुलूस-ए-मोहम्मदी मौलाना आजाद चौक गिरिडीह से मुस्लिम बाजार, बड़ा चौक होते हुए बरवाडीह कर्बला मैदान पहुंचा. इसकी कयादत मौलाना आसिफ इकबाल, हाजी मौलाना गुलाम सरवर एवं हाजी नुरूल होदा ने की. 16 नंबर, पतरोडीह, मोती मुहल्ला, ताराटांड़, गुड़किया, परातडीह, अंबाटांड़, कमलजोर, नयाधौड़ा, सिमरियाधौड़ा, पहाड़ीडीह, बरवाडीह, डांड़ीडीह सरीखे अंजुमन से भारी संख्या में इस्लामिक झंडा, तिरंगा झंडा एवं बैनर के साथ जुलूस-ए- मोहम्मदी बरवाडीह कर्बला मैदान पहुंच कर सभा(जलसा) में तब्दील हो गया. यहां सभा की अध्यक्षता तंजीम अहले सुन्नत के सेक्रेटरी इरशाद अहमद वारिस एवं मंच संचालक मौलाना गुलाम हैदर ने किया. जलसे की शुरुआत कुरान पाक की तिलावत से की गयी. मौके पर उलेमा-ए-कराम ने पैगंबर हजरत मुहम्मद मुस्तफा सल्ल.अलैहे की जीवनी पर चर्चा की. वहीं मौलाना हाफिज आसिफ इकबाल ने मुल्क में अमन, भाईचारा और मुल्क हिंदुस्तान में सलामती और एकता के साथ जिंदगी बशर करने पर जोर दिया.

जश्ने ईद मिलादुन्नबी के कार्यक्रम में शरीक हुए नगर विकास मंत्री व राज्यसभा सदस्य :

जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बरवाडीह कर्बला मैदान में आयोजित सभा में नगर विकास मंत्री सह गिरिडीह के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू एवं राज्यसभा सदस्य डॉ सरफराज अहमद भी शरीक हुए. उन्होंने अपने संबोधन में हजरत मोहम्मद साहब के बताये हुए मार्ग पर चलने का पैगाम दिया. अंत में सलातो सलाम युनूस फरीदी साहब ने पढ़ी और मौलाना गुलाम हैदर ने मुल्क में अमन और शांति, आपसी भाईचारा कायम रखने के लिए दुआएं की. सभा की समाप्ति की घोषणा मास्टर मोहम्मद अख्तर अंसारी ने की.

कार्यक्रम में इनकी रही भागीदारी :

कार्यक्रम में बरवाडीह कर्बला मैदान के सेक्रेट्री मो. मोईन आजाद, तंजीम अहले सुन्नत के हाजी मो.जमील अहमद, मो. तारिक, मो. आबिद गांधी, मौलाना नजरुल कादरी, मोहम्मद सरफराज, मोहम्मद सरफुद्दीन, मो. कलीम कादरी, मो. अयाज, मो. नौशाद चंद, वार्ड पार्षद सैफ अली गुड्डू, मास्टर अहसन रजा, गुड़्डू मास्टर, मो. शाहनवाज, हाजी कलीम उद्दीन गौहर, मोहम्मद मंसूर, सरफराज राज, मुख्तार हुसैनी, हाजी तंजीलुर रहमान, मो. कमालउद्दीन, सग़ीर अहमद खान समेत अन्य ने सराहनीय योगदान दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

MANOJ KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >