नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-11 में नाली एवं जल निकासी की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने पटेल नगर में प्रदर्शन किया और उपायुक्त को आवेदन देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की. आवेदन में कहा गया है कि क्षेत्र में नाली और वर्षा जल की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान सड़क एवं आसपास के इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ-साथ गंदगी और जलजनित समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
पहले भी कराई गई थी नाली निर्माण की पहल
आवेदन में स्थानीय लोगों ने कहा है कि क्षेत्र में नाली एवं जल निकासी की समस्या को लेकर पूर्व में भी प्रशासन और नगर निगम का ध्यान आकृष्ट कराया गया था. वर्ष 2015 में भी इस समस्या के समाधान के लिए पहल किए जाने का उल्लेख आवेदन में किया गया है. इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका.
बारिश के मौसम में बढ़ जाती है समस्या
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दौरान नालियों की समुचित निकासी नहीं होने से पानी सड़कों पर जमा हो जाता है. कई स्थानों पर जल निकासी का रास्ता बाधित होने के कारण घरों और आसपास के क्षेत्रों में भी पानी पहुंचने की स्थिति बन जाती है. इससे लोगों को काफी परेशानी होती है.
उपायुक्त से जांच कर स्थायी समाधान की मांग
आवेदनकर्ताओं ने उपायुक्त से पूरे मामले की स्थल जांच कराने, नाली एवं जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण कराने तथा आवश्यकतानुसार नई नाली का निर्माण और पुरानी व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्या से निजात के लिए इसका स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है, ताकि वार्ड-11 के लोगों को जलजमाव की परेशानी से निजात मिल सके.
वार्ड नंबर 11 के वार्ड पार्षद अशोक राम का कहना है कि उन्होंने गिरिडीह नगर निगम की बोर्ड की बैठक में इस मामले को उठाया है लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो सका है. कहा कि वे फिर इस मामले को बोर्ड की बैठक में उठाएंगे और स्थायी समाधान का प्रयास किया जाएगा. बताया कि कुछ लोगों के द्वारा जल निकासी वाले जगह को बंद कर दिया गया है जिससे यह परेशानी हो रही है.
इस संबंध में भी शीघ्र ही नगर निगम के अधिकारियों को भी सारी जानकारी से अवगत कराया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान भागीरथ महतो, प्रदीप कुमार सिन्हा, संदीप कुमार गुप्ता, मंगलेश कुमार, रवि कुमार, श्याम कुमार, आदित्य शर्मा, बद्री प्रसाद यादव समेत काफी संख्या में लोग शामिल थे.
