झारखंड प्रदेश विश्वकर्मा समाज के बैनर तले सात सितंबर को हुए सम्मान व शपथ ग्रहण समारोह में महिला कमेटी का गठन किया गया था. इसमें जिलाध्यक्ष उषा कुमारी को बनाया गया. उषा कुमारी ने बुधवार को समाज की महिलाओं के साथ एक प्रेस वार्ता आयोजित की. इसमें कई गंभीर आरोप लगाते हुए अन्य महिलाओं के साथ उन्होंने अपना इस्तीफा समाज के जिलाध्यक्ष को सौंप दिया. उन्होंने कहा कि झारखंड प्रदेश विश्वकर्मा समाज कुछ लोगों के स्वार्थ को पूरा करने के लिए बनाया गया है. समाज में वह महिला सम्मान की बात करते हैं, लेकिन यह सिर्फ कहने को है.
लगाये कई गंभीर आरोप
उषा ने कहा कि महिलाओं का कठपुतली की तरह कुछ लोग इस्तेमाल करना चाहते हैं, जिसे हम सभी बर्दाश्त नहीं कर सकते. हमारा लक्ष्य समाज को जगाने का रहेगा. वे महिलाओं को खासतौर पर अपने अधिकार के लिए घर से बाहर निकालकर और कदम से कदम मिलाकर कार्य करने का प्रयास करेंगी. कहा कि कुछ लोग मनमाने तरीके से समाज को चला रहे हैं, आनेवाले दिनों में वैसे व्यक्तियों के क्रियाकलापों को भी उजागर किया जायेगा. कहा कि कुछ लोगों ने ने सोशल मीडिया में कुछ-कुछ डालकर समाज को कमजोर करने का प्रयास किया. वैसे लोगों की मंशा उजागर की जायेगी. हम समाज से भी आग्रह करते हैं कि आप जागें और अच्छे उद्देश्यों के लिए गहन चिंतन करें. जो शोषण करते हैं और उनका इस्तेमाल करते हैं, उनका बहिष्कार करें. कहा कि हम समाज की बेटी हैं, जो टेढ़ी कील को भी सीधा कर समाज में गढ़ने का काम करेंगी.
इस्तीफा देने वालों में यह भी शामिल
इस्तीफा देने वालों में उपाध्यक्ष रेखा देवी, संयुक्त सचिव संजना शर्मा, ललीता देवी, सरिता देवी, सोनिया शर्मा, सविता शर्मा, तारा देवी आदि शामिल हैं. प्रेस वार्ता के दौरान इन महिलाओं समेत अन्य उपस्थित थीं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
