बिरनी. बिरनी प्रखंड की बरहमसिया पंचायत के खरटी गांव की कच्ची सड़क की स्थिति बारिश के कारण बदहाल हो गयी है. गांव को जोड़ने वाली यह मुख्य कच्ची सड़क प्राथमिक विद्यालय खरटी से लगभग एक किमी तक काफी जर्जर हो गयी है. इसका विरोध करते हुए ग्रामीणों ने गुरुवार को सड़क पर धनरोपनी किया. ग्रामीण मनोज वर्मा, निर्मल कुमार, रोहित वर्मा, आशीष वर्मा, नीतीश कुमार, सकलदेव वर्मा, दामोदर वर्मा, अंकित राज, संजीत कुमार, विजय वर्मा, प्रकाश वर्मा, रामप्रसाद वर्मा, अजय वर्मा समेत अन्य ने कहा कि गांव में आज तक सड़क नहीं बनी है. वे लंबे समय से सांसद व विधायक से कच्ची सड़क की पीसीसी या कालीकरण कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिल पाया है. इससे क्षुब्ध व परेशानियों को देखते हुए सड़क पर धनरोपनी की, ताकि अधिकारी व जनप्रतिनिधियों तक ग्रामीणों की समस्या पहुंच सके और उनकी मांग पूरी हो सके.
पानी और कीचड़ से भरी सड़क
सड़क पर जमा पानी के कारण बड़े-बड़े गड्ढे हो गये. इसमें पानी व कीचड़ भरा हुआ है. पैदल चलने वालों से लेकर दो और चारपहिया वाहन चालकों के लिए इस सड़क से गुजरना जोखिम भरा है. आए दिन बाइक सवार और स्कूली बच्चे फिसलकर गिरते हैं.
क्या कहते हैं विभागीय अभियंता :
ग्रामीण विकास विभाग के कनीय अभियंता शमशाद ने बताया कि जांच कर व विभाग के वरीय अधिकारियों को पत्र लिखकर इससे अवगत कराया जायेगा.
