Giridih News :तेलखारी जंगल से साइबर ठगी में लगे दो युवक भेजे गये जेल

Giridih News :गिरिडीह साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे दो साइबर अपराधियों को बीती रात गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के रसनजोरी निवासी धनराज मंडल (23) और सरिया थाना क्षेत्र के छोटकी सरिया निवासी राहुल कुमार (24) शामिल हैं.

साइबर पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड, दो एटीएम कार्ड और तीन चेक बुक बरामद किये हैं. इस बाबत शनिवार को साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे मामले की जानकारी दी.

गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी दल गठित

बताया गया कि गिरिडीह के एसपी डॉ बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि गांडेय थानांतर्गत ग्राम कच्छैल के समीप तेलखारी जंगल में कुछ साइबर अपराधी बैठकर मोबाइल फोन से ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए साइबर थाना गिरिडीह के प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल गठित किया गया. त्वरित कार्रवाई करते हुए तेलखारी जंगल में दबिश देकर मौके से दो साइबर अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग मोबाइल और सिम कार्ड का उपयोग कर लोगों को शिकार बनाते थे. इनमें से एक आरोपी पूर्व में जेल भेजा जा चुका है.

फर्जी एपीके लिंक क्लिक करते ही इंस्टाल हो जाता था सॉफ्टवेयर

साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देते तेलखारी जंगल से गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकारोक्ति बयान में बताया है कि वे फर्जी एपीके फाइल व संदिग्ध लिंक भेजकर भोले-भाले लोगों को झांसे में लेते थे. लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ितों के मोबाइल फोन में सॉफ़्टवेयर इंस्टॉल हो जाता था. इसके बाद आरोपी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी व अन्य सूचनाएं हासिल कर वारदात को अंजाम देते थे. इस बाबत गिरिडीह साइबर थाना में कांड सं 16/2026, दिनांक 23 मई 2026 को मामला दर्ज किया गया है.

पूर्व में जेल जा चुका है धनराज मंडल

पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ आइटी एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए शनिवार को उसे जेल भेज दिया गया है. जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त धनराज मंडल का आपराधिक इतिहास रहा है. वह पूर्व में भी गिरिडीह साइबर थाना कांड सं 36/2019 में संलिप्त पाया गया था और जेल जा चुका है.

छापामारी दल में शामिल रहे ये पुलिस अधिकारी व कर्मी

तेलखारी जंगल में की गई छापेमारी कार्रवाई में गिरिडीह साइबर थाना की एक विशेष टीम शामिल थी. इसका नेतृत्व साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत ने किया. छापेमारी दल में एसआई पुनीत कुमार गौतम, एसआई दिनेश कुमार, एसआई विजय कुमार, एएसआई संजय मुखियार, आरक्षी भूपाल मंडल तथा आरक्षी 284 संदीप कुमार वर्मा शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >