Giridih News :सरिया लदे पकड़े गये दो ट्रक किये गये जब्त, चालक भेजे गये जेल
Giridih News : प्रतिनिधि, डुमरी. डुमरी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुलगो टोल प्लाजा के पास अवैध रूप से ले जाये जा रहे दो ट्रक टीएमटी बार सरिया जब्त किया है. साथ ही दोनों चालकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस बाबत पुलिस नें थाना में मामला भी दर्ज कर लिया है.
अन्य लोगों की भूमिका की भी हो रही जांच :
बताया जाता है कि पुलिस को आठ मार्च की रात दो ट्रकों से अवैध सामानों की तस्करी किये जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस ने कुलगो टोल प्लाजा के पास जांच अभियान चलाकर ट्रक (यूपी 52 बीटी -2330 और सीजी 07 एयू 0417) को रोका. जांच में ट्रकों में लदे टीएमटी बार से संबंधित कागजात की जांच करायी गयी. जीएसटी विभाग की जांच में पता चला कि कागजात में दर्ज जीएसटीआइएन 15 दिसंबर 2025 से निलंबित है. इससे स्पष्ट हुआ कि फर्जी कागजात के आधार पर टैक्स चोरी कर सरिया का परिवहन किया जा रहा था. पुलिस ने दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया और चालकों ओम प्रकाश देवरिया यूपी निवासी तथा रंजय कुमार यादव धनबाद निवासी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया. इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
संलिप्त लोगों पर होगी कड़ी कार्रवाई : एसडीपीओ.
मामले को लेकर डुमरी के एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने बताया कि अवैध सरिया तस्करी के आरोप में जब्त दोनों ट्रकों के चालकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि जांच के क्रम में ट्रक मालिकों और अज्ञात तस्करों के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गयी है. कहा कि इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा. जांच के दौरान जिनकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और टैक्स चोरी व तस्करी करनेवालों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.