गांडेय थाना क्षेत्र के फुलची गांव में मंगलवार को बाइक और पिकअप वैन के बीच हुई टक्कर में दो स्कूली छात्र गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी. लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया.
घायलों की पहचान फुलची निवासी शिवलाल मरांडी के 14 वर्षीय पुत्र राजेंद्र मरांडी और दिलीप बास्के के 13 वर्षीय पुत्र श्याम बास्के के रूप में हुई है. बताया गया कि स्कूल की छुट्टी के बाद तीन छात्र एक ही बाइक पर सवार होकर घूमने निकले थे.
इसी दौरान फुलची के पास बाइक की पिकअप वैन से टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों छात्र सड़क पर गिर गये. हादसे में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क से उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया.
