Giridih News :नाले में मिट्टी डालने के सवाल पर दो पक्ष भिड़े, दो घायल

Giridih News :जमुआ थानांतर्गत केंदुआ पंचायत के छतमक्का एवं केंदुआ गांव के लोगों के बीच तालाब की मिट्टी नाले में भरने के सवाल पर भिड़ंत हो गयी. इसमें एक पक्ष से दो लोग घायल हो गये. घायल रामलखन यादव एवं संतोष यादव को सीएचसी जमुआ से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया. पुलिस व प्रशासन की सक्रियता से मामला सुलझा लिया गया.

जमुआ थानांतर्गत छतमक्का गांव में जिला भूमि संरक्षण विभाग की ओर से सरकारी तालाब का जीर्णोद्धार कार्य चल रहा था. खुदाई से निकली मिट्टी को सर्वे नाले में डलवाने को लेकर दो समुदायों के बीच शनिवार को जमकर विवाद हो गया. दोनों पक्ष आपस में भिड़ गये. कुछ देर के लिए तो इलाके में अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्य के दौरान निकली मिट्टी को पास के सर्वे नाले में डालने की बात पर केंदुआ गांव के एक समुदाय के अमानत खान, असलम खान, गुलाम सरवर, मो रियाजउद्दीन, मानन खान, बाबू खान, भातू खान, क्यूम खान, गोलू खान, अनवर खान, मो. मनोवर खान आदि ने कहा कि कब्रिस्तान में जनाजा ले जाने के लिए छतमक्का तक जाने का रस्ता नहीं है. इसलिए सरकारी नाले पर तालाब से निकलने वाली मिट्टी संवेदक से कहकर उक्त पथ पर डाला जा रहा था. इस बात को लेकर एक समुदाय के रामलखन यादव, बालेश्वर यादव, अर्जुन यादव, संतोष यादव, रूपलाल यादव आदि सर्वे नाले में मिट्टी नहीं डालने का दबाव बनाने लगे. इसी पर दोनों पक्षों में भिड़ंत हो गयी.

प्रशासन-पुलिस ने दिखायी तत्परता

इधर, एक एक पक्ष के अर्जुन प्रसाद यादव व महेंद्र यादव ने कहा कि केंदुआ गांव के दूसरे पक्ष के लोग जबरन छतमक्का के कब्रिस्तान में जनाजा लेकर जाते हैं. इसलिए सरकारी नाले पर रास्ता बनाने काे जबरदस्ती कर रहे थे. लोगों ने इसका विरोध किया तो सैकड़ों की संख्या में केंदुआ के लोगों ने मो बाबू खान की अगुआई में गांव पर हमला कर दिया. सूचना मिलते ही जमुआ पुलिस निरीक्षक प्रदीप दास व थाना प्रभारी विभूति देव मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने तत्काल काम रुकवा दिया और विवादित स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी. थाना प्रभारी धनवार के थाना प्रभारी सत्येंद्र पाल ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों से बातचीत की जा रही है, ताकि आपसी सहमति से समस्या का समाधान निकाला जा सके.

एसडीएम ने दोनों पक्षों के बीच कराया समझौता

जमुआ. विवाद के बाद खोरीमहुआ के एसडीएम अनिमेष रंजन ने दोनों समुदायों के बीच आपसी समझौता कराया. इसके बाद इलाके में शांति बहाल हो गयी. दोनों समुदायों की समस्याओं और आपत्तियों को गंभीरता से सुना गया. एसडीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी सार्वजनिक कार्य में नियमों और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य है तथा आपसी सौहार्द बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. थाना प्रभारी ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव ने बताया कि एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती वहां कर दी गयी है. मौके पर जमुआ के बीडीओ अमलजी, जमुआ पुलिस निरीक्षक प्रदीप दास, थाना प्रभारी विभूति देव, धनवार के थाना प्रभारी सत्येंद्र पाल, घोड़थंबा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल, हीरोडीह थाना प्रभारी महेशचंद्रा, नावाडीह ओपी प्रभारी दीपक कुमार, केंदुआ की मुखिया आशा कुमारी के पति रंजीत मंडल मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >