गिरिडीह. पचंबा थाना परिसर में छेड़खानी की शिकायत को लेकर बुधवार को दो पक्षों के बीच जमकर हंगामा हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की शुरू हो गयी. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को थाना परिसर से खदेड़ना पड़ा.
शिकायत लेकर थाना पहुंचा था लड़की पक्ष
जानकारी के अनुसार, पचंबा क्षेत्र में छेड़खानी की शिकायत को लेकर लड़की पक्ष के लोग थाना पहुंचे थे. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी थाना पहुंच गये. दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया.
ये भी पढ़ें: सरिया में बीडीओ को पंचायत भवन में बनाया बंधक, युवक से मारपीट के आरोप पर भड़के ग्रामीण; देर रात तक चला हंगामा
थाना परिसर में हंगामा बढ़ने से पुलिस के सामने स्थिति संभालने की चुनौती खड़ी हो गयी. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं होने पर हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया.
भाजपा नेता भी पहुंचे थाना
हंगामे की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता भी पचंबा थाना पहुंचे. उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस के समक्ष अपनी बात रखी. पुलिस ने पीड़ित पक्ष को मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
प्राथमिकी दर्ज, आरोपियों की तलाश में छापामारी
पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद अथवा संदिग्ध आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है.
थाना परिसर में हुए हंगामे के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
