पीरटांड़ थाना क्षेत्र के बराकर के समीप गुरुवार को एक ट्रक की टक्कर से वैन क्षतिग्रस्त हो गयी. दुर्घटना में वैन सवार लोग सुरक्षित बच गये, लेकिन सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी.
सड़क किनारे खड़े व्यक्ति को लगी गंभीर चोट
घायल की पहचान कठवारा निवासी देव नारायण तिवारी के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
ट्रक ने वैन को मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वैन बराकर के समीप सड़क से गुजर रही थी. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे धक्का मार दिया. टक्कर के कारण वैन क्षतिग्रस्त हो गयी. हादसे के दौरान सड़क किनारे खड़े देव नारायण तिवारी भी इसकी चपेट में आ गये और गंभीर रूप से घायल हो गये.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
दुर्घटना की सूचना मिलने पर पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मामले की जानकारी ली और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटायी जा रही है.
