Giridih News :खड़े डंपर से ट्रक टकराया, स्टीयरिंग में फंसे चालक की मौत
Giridih News :बगोदर थानांतर्गत जीटी रोड अटका में हुई सड़क दुर्घटना में एक ट्रक चालक की मौत हो गयी. घटना गुरुवार दोपहर साढ़े तीन बजे के आसपास की है.
जानकारी के अनुसार बंगाल से तार लदा ट्रक बगोदर होते हुए बिहार जा रहा था. इसी दौरान जीटी रोड अटका बैंक ऑफ इंडिया के पास पहले से खड़े दुर्घटनाग्रस्त डंपर में ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. इससे ट्रक चालक केबिन में फंस गया और इससे उसकी मौत हो गयी. जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान बक्सर (बिहार) के रहनेवाले पप्पू यादव के रूप में की गयी. सूचना मिलते ही घटनास्थल पहुंचे बगोदर के एएसआई तौफिक आलम ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से ट्रक के केबिन में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला. शव पोस्टमार्टम के लिए बगोदर सीएचसी भेज दिया गया. बताया जाता है कि चालक पप्पू यादव बंगाल के वीरभूम में सपरिवार रहता था. पुलिस ने मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी.
चारपहिया व बाइक में टक्कर, दो घायल
गावां थाना क्षेत्र के साढ़ा मोड़ के पास गुरुवार दोपहर बाइक और चार पहिया की आमने-सामने टक्कर हो गयी. इसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों की पहचान पत्थरडीहा के भानी मुसहर और गुड़िया मुसहर के रूप में हुई. घायलों को कांग्रेस नेता मरगूब आलम ने अपने वाहन से सीएचसी गावां पहुंचाया. डॉ काजिम खान ने प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया. बताया जाता है कि दोनों गावां से बाइक से अपने घर पत्थरडीहा जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही चार पहिया ने सामने से उनकी बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये.
अनियंत्रित कार पेड़ में टकरायी, सवार गंभीर
मधुपुर से गिरिडीह की ओर जा रही तेज रफ्तार कार गुरुवार की शाम अनियंत्रित होकर कर्णपुरा के पास एक सूखे पेड़ से टकरा गयी. कार के अनियंत्रित होने से सामने से आ रहा बाइक चालक बाल-बाल बच गये. कार में सवार कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. कार छोड़कर घायल इलाज के लिए गिरिडीह चले गये. सूचना मिलने पर बेंगाबाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में कर लिया. बताया जाता है कि कार संख्या डब्ल्यूबी 30 वाई 7230 कार से मधुपुर से गिरिडीह की ओर जा रही थी. तेज रफ्तार के कारण कार कर्णपुरा मोड़ के पास अनियंत्रित हो गयी और पेड़ से टकरा गयी.