प्रखंड मुख्यालय से महज चार किलोमीटर दूर पश्चिम पंचायत भवन के समीप लगा 100 केवीए का ट्रांसफॉर्मर जल जाने से आसपास के ग्रामीण पिछले 12 दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर थे. भीषण गर्मी और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ गयी थी. लंबे समय तक विद्युतापूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही थी.
ट्रांसफॉर्मर पहुंचने से ग्रामीणों ने ली राहत की सांत
ग्रामीणों की समस्या के मद्देनजर झामुमो नेता संतोष कुमार के सहयोग से 12 दिनों बाद नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया गया. शुक्रवार को ट्रांसफॉर्मर गांव पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. फिलहाल ट्रांसफॉर्मर की चार्जिंग का काम चल रहा है. ग्रामीणों को उम्मीद है कि आज यानी शनिवार से क्षेत्र में विद्युतापूर्ति नियमित हो जायेगी.
मच्छरों के प्रकोप से ग्रामीणों को करना पड़ा रतजगा
ग्रामीण वीरेंद्र बर्णवाल, सिकंदर ठाकुर, पंकज दास, अनीश दास, रंजित यादव, रामजी शर्मा, संतोष दास और रामू शर्मा समेत अन्य लोगों ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर जलने के बाद से लगातार 12 दिनों तक बिजली संकट झेलना पड़ा. उमस भरी गर्मी में बिजली नहीं रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानी हुई. रात में मच्छरों के प्रकोप के कारण लोगों की नींद भी प्रभावित रही.
चार्जिंग का काम पूरा होने पर बिजली होगी बहाल
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली विभाग ने शुक्रवार को ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध करा दिया है. चार्जिंग का काम पूरा होने पर बिजली बहाल होने की उम्मीद है. ग्रामीणों ने ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने में सहयोग के लिए झामुमो नेता संतोष कुमार का आभार जताया. साथ ही मांग की कि भविष्य में ट्रांसफॉर्मर जलने की स्थिति में उसे बदलने में इतना लंबा समय न लगे, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक बिजली संकट का सामना नहीं करना पड़े.
.
