डुमरी थाना क्षेत्र के डुमरी-गिरीडीह पथ पर केबी रोड के समीप बुधवार को शराब लदे एक ट्रक और गिट्टी लदे ट्रैक्टर के बीच टक्कर हो गयी. दुर्घटना में ट्रैक्टर पर बैठी एक नाबालिग सहित तीन लोग घायल हो गये. घटना के बाद शराब लदे ट्रक जेएच-07-एल-8156 के पलटने से पहले ट्रक ने विपरीत दिशा से आ रही गिट्टी लदे एक ट्रैक्टर और आटो जेएच-10-बीएच-9247 को अपनी चपेट में ले लिया. शराब लदे ट्रक ने उक्त दोनों वाहनों में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ट्रैक्टर का डाला पलट गया और गिट्टी सड़क पर बिखर गयी. साथ ही उसका इंजन दूसरी दिशा में घूम गया. हादसे में ट्रैक्टर चालक जीतपुर निवासी राजू कोल्ह, ट्रैक्टर में बैठे खुद्दीसार निवासी गणेश वर्मा और आठ वर्षीय नाबालिग घायल हो गयी. सभी घायलों को इलाज के लिए डुमरी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल गणेश वर्मा को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया.
सूचना पर पहुंची डुमरी पुलिस
सूचना पाकर पुलिस सदलबल पहुच आवश्यक कार्रवाई में जुट गयी थी. आटो मालिक बेको निवासी नुनूमणि कुमार ने बताया कि शराब लदे ट्रक ने तेज गति से आते हुए ट्रैक्टर और मेरी आटो में टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक शराब के नशे में धुत था. बताया जाता है कि बोकारो से ट्रक शराब लोड कर गिरिडीह जा रहा था. जबकि गिट्टी लोड कर ट्रैक्टर डुमरी से उत्तर की ओर जा रहा था. ईख का शरबत बेच रहा आटो वहां खड़ा था. घटना के बाद लोगों की काफी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गयी. अंग्रेजी शराब की पेटियों से भरे ट्रक के पलटने से कुछ पेटियां सड़क पर बिखर गयीं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
