Giridih News :सीएचसी बेंगाबाद में नहीं है एक भी महिला चिकित्सक

Giridih News: बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक भी महिला चिकित्सक नहीं है. महिला चिकित्सक के अभाव में बेंगाबाद प्रखंड की 80 हजार महिलाएं की स्वास्थ्य सुविधा का जिम्मा एएनएम के भरोसे हैं. गंभीर रूप से बीमार होने पर महिलाएं निजी चिकित्सकों के पास जाने पर मजबूर हैं.

प्रखंड में महिलाओं की आबादी है 80 हजार, पर एएनएम के भरोसे होता है इलाजगंभीर रूप से बीमार होने पर निजी अस्पताल जाना मजबूरी

बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक भी महिला चिकित्सक नहीं है. महिला चिकित्सक के अभाव में बेंगाबाद प्रखंड की 80 हजार महिलाओं की स्वास्थ्य सुविधा एएनएम या फिर निजी अस्पताल की महिला चिकित्सकों के भरोसे हैं. सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है जब महिलाएं गंभीर परेशानी या प्रसव पीड़ा से जूझ रही होतीं हैं. वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंचतीं हैं, तो महिला चिकित्सक के अभाव में पुरुष चिकित्सक से जांच कराना विवशता होती है. वहीं, प्रसव की स्थिति में सारी जवाबदेही एएनएम के पर होती है. एएनएम से स्थिति नहीं संभलने पर महिला मरीज को सदर अस्पताल रेफर कर दिया जाता है. वहीं, कुछ स्थिति में मरीज के परिजन निजी अस्पताल लेकर चले जाते हैं.

कई बार उठ चुकी है महिला चिकित्सक की मांग

बेंगाबाद में पांच साल पूर्व महिला चिकित्सक डाॅ सुनीला सिंह की पदस्थापना हुई थी. उनके पदस्थापना व उसकी बेहतर इलाज को देखते हुए अस्पताल में महिला मरीजों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई. लेकिन, उनके यहां से तबादला हो जाने के बाद अस्पताल में महिला मरीजों की संख्या घटती चली गई. एक वर्ष पूर्व महिला चिकित्सक डाॅ रेखा झा को यहां का प्रभारी बनाया गया, लेकिन उनके लगातार नहीं आने के कारण महिलाओं की स्वास्थ्य समस्या का हल नहीं निकल पाया. अब यहां पर एक भी महिला चिकित्सक नहीं है. ऐसे में महिला मरीजों का इलाज पुरुष चिकित्सक कर रहे हैं. ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली महिलाएं पुरुष चिकित्सक से इलाज कराने की जगह निजी अस्पताल जाना बेहतर समझती हैं. इधर, महिला चिकित्सक की मांग कई बार की गयी है. स्थानीय पंचायत समिति की बैठकों में भी इस मामले को उठाया गया लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई है. प्रमुख मीना देवी ने भी सीएस से महिला चिकित्सक की व्यवस्था करने की मांग की है. इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और समाजसेवियों ने सीएस का इस ओर ध्यान आकृष्ट कराया है, लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं हुई है.

क्या कहते हैं प्रबंधक

इधर, अस्पताल प्रबंधक अरविंद कुमार का कहना है कि बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मात्र दो एमबीबीएस चिकित्सक ही पदस्थापित है. इसके अलावा एक डेंटिस्ट, एक आई स्पेशलिस्ट भी हैं. लेकिन, महिला चिकित्सक नहीं हैं. महिलाओं का प्रसव कराने की जवाबदेही एएनएम संभालती है. कहा एएनएम प्रशिक्षित हैं और बेहतर सेवा दे रही हैं. सीएचओ महिला हैं, जिन्हें आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सेवा देने का निर्देश दिया गया है. हालांकि, महिलाओं के इलाज के लिए पुरुष चिकित्सक की सेवा ली जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >