Giridih News :माल्डा बाजार में पानी व शौचालय की नहीं है कोई व्यवस्था

Giridih News :गावां प्रखंड के माल्डा बाजार आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है. बाजार में शौचालय, शुद्ध पेयजल, सार्वजनिक चापाकल तथा समुचित जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय दुकानदारों, ग्रामीणों एवं खरीदारी करने आने वाले लोगों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि माल्डा बाजार आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए खरीदारी का मुख्य केंद्र है. प्रतिदिन यहां बड़ी संख्या में लोग आवश्यक सामानों की खरीदारी के लिए पहुंचते हैं, लेकिन बाजार में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है. खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत होती है. पीने के लिए स्वच्छ पानी की व्यवस्था नहीं रहने से लोगों को बाहर से पानी खरीदकर पीना पड़ता है या फिर निजी दुकानों पर निर्भर रहना पड़ता है.

नाली भी बड़ी समस्या, हल्की बारिश में भी होता है जल जमाव

सबसे बड़ी समस्या बाजार में नाली की है, व्यवस्था का अभाव है. स्थानीय लोगों के अनुसार हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है और गंदा पानी बहने लगता है. नाली नहीं रहने के कारण पानी सड़क पर फैल जाता है, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी होती है.

व्यापारियों ने की पहल की मांग

व्यापारियों का कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. गंदगी और जल जमाव के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होती है, जिससे व्यापार पर भी असर पड़ता है. साथ ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारी फैलने की आशंका बनी रहती है. स्थानीय ग्रामीणों एवं दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि माल्डा बाजार में शीघ्र सार्वजनिक शौचालय, पेयजल सुविधा, चापाकल व नाली निर्माण करवाया जाये, ताकि लोगों को राहत मिल सके और बाजार की व्यवस्था बेहतर हो सके.

शौचालय और पानी की हो रही है व्यवस्था : मुखिया

इस संबंध में मुखिया गायत्री देवी ने कहा कि माल्डा बाजार में शौचालय और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था को लेकर लगातार प्रयास किया जा रहा है. पहले चरण में लाइट लगायी गयी है. जल्द ही शौचालय आदि का निर्माण करवाया जायेगा. कहा कि नाली निर्माण के लिए सांसद-विधायक को पहल करने की आवश्यकता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pradeep kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >