Giridih News :सोनबाद में बंद घर से 12 लाख की चोरी

Giridih News :बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनबाद में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते 12 लाख की संपत्ति चोरी कर ली. चोर सोने-चांदी के जेवरात के साथ लगभग 40 हजार नकद ले गये. जानकारी के अनुसार शुभम मिश्रा अपनी पत्नी के साथ किराये के मकान में रहते हैं.

शुभम ने घटना की सूचना बेंगाबाद थाना की पुलिस को दे दी है. बताया कि वे मूल रूप से राजधनवार थाना क्षेत्र के तेलोडीह के रहने वाले हैं. काम के सिलसिले में वे कुछ समय से सोनबाद में किराये के मकान में रह रहे थे. चोर सोने की चेन, अंगूठी, कंगन, झुमके समेत अन्य कीमती आभूषण ले गये, जिसकी कीमत करीब 12 लाख है. वहीं, घर में रखे 40 हजार नकद भी चोर ले गये. इसी मोहल्ले में एक और घर का ताला टूटा हुआ पाया गया, लेकिन उसमें चोरी नहीं हुई.

रामनवमी में अपने ससुराल गये थे भुक्तभोगी

भुक्तभोगी शुभम ने बताया कि उनकी शादी इसी वर्ष नौ मार्च को हुई थी. रामनवमी के अवसर पर वे 27 मार्च की सुबह करीब 12 बजे अपने ससुराल के लिए घर से निकले थे. उसी समय घर पूरी तरह बंद था. शनिवार की शाम जब वे वापस लौटे, तो घर की स्थिति देखकर उनके होश उड़ गये. देखा कि घर की बाउंड्री का मुख्य गेट टूटा हुआ है. अंदर प्रवेश करने पर जांच में पाया गया कि पहली मंजिल पर जाने वाली सीढ़ी पर लगी ग्रिल का ताला भी तोड़ा गया है. इतना ही नहीं घर के मुख्य दरवाजे का ताला भी चोरों ने तोड़कर चोरी की. चोरों ने कमरों में रखे अलमारी और ड्रेसिंग बॉक्स का ताला तोड़कर, उसमें रखे कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर लिया. अलमारियों और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था. इससे पता चलता है कि चोरों ने आराम से घर की तलाशी ली और सामान ले गये.

घटना की हो रही जांच : एसडीपीओ

सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है. पुलिस जांच कर रही है. जल्द ही घटना का उद्भेदन कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pradeep kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >