Giridih News :बीसपंथी कोठी में 17 वर्षों से संचालित स्वागत कक्ष गोदाम में हुआ तब्दील

Giridih News :बीसपंथी कोठी में प्रवेश द्वार के पास बनाये गये स्वागत कक्ष और बुकिंग काउंटर के बंद होने से देश के अलग-अलग इलाके से आने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है.सिंधोमल चेरिटेबल ट्रस्ट नयी दिल्ली ने कोठी के संचालकों को नोटिस भेजा है.

बीसपंथी कोठी में प्रवेश द्वार के पास बनाये गये स्वागत कक्ष और बुकिंग काउंटर के बंद होने से देश के अलग-अलग इलाके से आने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है. बता दें कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर लगभग 17 साल पूर्व सिंधोमल चेरिटेबल ट्रस्ट नयी दिल्ली ने लगभग 35 लाख रुपये खर्च कर स्वागत कक्ष बनवाया था. यहां पर धर्मशाला की बुकिंग के लिए काउंटर बनाया गया था, लेकिन यात्रियों के लिए उस वक्त यहां पर स्वागत कक्ष सह वेटिंग रूम नहीं रहने से काफी परेशानी हो रही थी. इस परेशानी को देखते हुए सिंधोमल चेरिटेबल ट्रस्ट ने बुकिंग काउंटर के बगल में ही वेटिंग रूम बनवाया. लगभग दो माह पूर्व एक साजिश के तहत बुकिंग काउंटर को अन्यत्र शिफ्ट कर दिया गया और वेटिंग रूम को बंद कर उसे गोदाम में तब्दील कर दिया गया. बताया जा रहा है कि बीसपंथी कोठी के ट्रस्टियों द्वारा कई सामाग्री कमरे में रख दी है. ऐसे में देश के अलग-अलग हिस्से से आने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है.

बुकिंग काउंटर अन्यत्र हुआ शिफ्ट

धर्मशाला के लिए बने बुकिंग काउंटर ऑफिस के पास शिफ्ट कर दिया गया है. दिल्ली से आये मनोज जैन कहते हैं कि प्रवेश द्वार से काफी अंदर बीसपंथी कोठी के कार्यालय के पास बुकिंग काउंटर को ले जाने से यात्री परेशान हैं. एक ओर जहां दूर दराज इलाके से आये लोग यात्रा से थक जाते हैं, वहीं कार्यालय के पास खोले गये बुकिंग काउंटर के पास अब घंटों खड़ा रहना पड़ता है. उन्होंने बताया कि बूढ़े-बुजुर्ग को सीढ़ी उतरने-चढ़ने में भी परेशानी होती है. प्रवेश द्वार के पास बुकिंग काउंटर और वेटिंग रूम एक साथ रहने से यात्री बुकिंग काउंटर की भीड़ से भी राहत महसूस करते थे. खड़ा होने की जगह यात्री वेटिंग रूम में आराम करते थे. अब काफी परेशानी हो रही है.

सिंधोमल ट्रस्ट ने बीसपंथी कोठी के संचालकों को भेजा नोटिस

यात्रियों की परेशानी को देखते हुए नयी दिल्ली की सिंधोमल चेरिटेबल ट्रस्ट ने बीसपंथी कोठी के संचालकों को नोटिस भेजा है. ट्रस्ट के प्रतिनिधि नवीन सेठी ने बताया कि हमारी ट्रस्ट यात्रियों के सेवा भाव से काम कर रही है. इसी बीसपंथी कोठी के परिसर में बीस सालों से होम्योपैथिक क्लिनिक चल रहा है, जिसका लाभ स्थानीय लोगों के साथ-साथ यात्रियों को भी मिल रहा है. वहीं, ट्रस्ट के खर्च से वेटिंग रूम भी बनाया गया, लेकिन इसे एक साजिश के तहत बंद कर दिया गया है. अब वेटिंग रूम में सामान भरा रहता है. यात्री संजय जैन ने बताया कि बुकिंग काउंटर अंदर शिफ्ट हो जाने से यात्री परेशान हैं और आये दिन लड़ाई-झगड़ा हो रहा है. इतना ही नहीं बुकिंग काउंटर अंदर ले जाने के बाद कार्यालय के लोग अपनी मनमानी भी कर रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >