Giridih News :नगर निगम ने पुराना जेल के पीछे 45 दुकानों को किया ध्वस्त

Giridih News :शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए पुराना जेल के पीछे बनी 45 दुकानों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस के जवान तैनात थे.

नगर निगम की टीम मजिस्ट्रेट विनोद कुमार के नेतृत्व में दिन में जेसीबी मशीन लेकर पुराना जेल के पीछे पहुंची. सबसे पहले पूरे इलाके की घेराबंदी की गयी. इसके बाद एक-एक कर 45 दुकानों को जेसीबी से तोड़ना शुरू किया गया. नगर थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवान अप्रिय घटना रोकने के लिए मुस्तैद थे. अतिक्रमण हटाओ अभियान में मजिस्ट्रेट विनोद कुमार के अलावा सहायक नगर आयुक्त अशोक हांसदा, सिटी मैनेजर मंजूर आलम, वसीम फिरोज, अभिषेक कुमार, रवि कुमार, अर्जुन महथा, अमित कुमार, आकाश सिंह, शिवम कुमार आदि मौजूद थे.

दुकानदारों में मायूसी

निगम की इस कार्रवाई से दुकानदारों में मायूसी है. कई दुकानदारों का कहना था कि वर्षों से यहां दुकान लगाकर परिवार पाल रहे थे. अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. निगम को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी.

टावर चौक से लेकर कल्याणडीह तक दुकान हटाने का था निर्देश

बता दें कि टावर चौक से लेकर कल्याणडीह तक सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान इन दुकानदारों को हटने का आदेश दिया गया था. सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान उक्त दुकानों को नगर निगम ने आधा तोड़ दिया था. इस बीच नगर निगम चुनाव के कारण अतिक्रमण हटाओ अभियान कुछ माह तक स्थगित रखा गया. आज नगर निगम की टीम ने पुलिस बल की उपस्थिति में दुकानों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >