Giridih News :विधायक ने कर्मियों की मांगों को जायज कहा, समाधान नहीं होने पर बैठेंगी धरना पर

Giridih News :बकाया मानदेय को ले आंदोलनरत आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मियों के समर्थन में जमुआ विधायक मंजू कुमारी आगे आयीं. उन्होंने उनकी मांगों को जायज करार देते हुए कहा कि उनकी मांगें यथाशीघ्र पूरी नहीं होती हैं तो वह भी इनके साथ धरना में बैठ जायेंगी.

सीएचसी देवरी में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मियों के अनिश्चितकालीन धरना के चौथे दिन साेमवार को जमुआ की विधायक मंजू कुमारी धरनास्थल पर आंदोलनकारी कर्मियों से मिलीं.

डीसी व सीएस से तत्काल पहल की

धरना पर बैठे कर्मियों की समस्याओं को सुना और मौके से ही डीसी, सीएस एवं संबंधित एजेंसी के पदाधिकारी से दूरभाष पर बातचीत कर जल्द मांगें पूरी कर धरना समाप्त कराने की पहल की. विधायक ने कर्मियों की मांगों को जायज कहा. समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने खुद भी धरना पर बैठने की बात कही. विधायक के साथ देवरी के बीडीओ कुमार बंधु कच्छप, सीओ श्यामलाल मांझी, जिप सदस्य विमल कुमार सिंह, प्रमुख अनुपम देवी के पति अजय कुमार राय सहित कई जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी भी थे. उल्लेखनीय है कि समय पर मानदेय नहीं मिलने से परेशान सीएचसी देवरी में कार्यरत 45 आउटसोर्सिंग कर्मियों ने प्रखंड अध्यक्ष संजय यादव के नेतृत्व में शनिवार से कार्य बहिष्कार करते हुए अस्पताल के सामने बेमियादी धरना शुरू कर दिया है.

इनकी रही सहभागिता

धरनास्थल पर दिनेश कुमार वर्मा, नौशाद अंसारी, मिथिलेश यादव, लीलावती देवी, विजय मंडल, बबली कुमारी, गुड़िया देवी, कृति करुणा हांसदा, फूल कुमारी, खुशबू देवी, रोसा हेंब्रम, सबीना मुर्मू, पुष्पा बेसरा, अनीता टुडु, राजकुमारी, मोनिका कुमारी, अनीता मरांडी, सुजीत पासवान, गणेश रजवार, अशोक यादव, प्रेमलता देवी, यशोदा सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे.

नहीं हो रही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सफाई

बगोदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आउटसोर्सिंग में कर्मी कार्य बहिष्कार पर हैं. इससे केंद्र व बगोदर ट्रामा सेंटर की स्थिति दयनीय बनी हुई है. अस्पताल परिसर में गंदगी पसरी हुई है. साफ-सफाई का कार्य बंद पड़ा है. वहीं, स्वास्थ्य केंद्र में आपातकालीन सेवा को छोड़कर जनरल सेवा ठप है. वहीं पहुंचने वाले रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सोमवार को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति पहुंचा, जिसका प्राथमिक उपचार ओपीडी में डॉ चांदनी पाठक ने किया. आउटसोर्सिंग कर्मियों से कोई सहयोग नहीं मिल रहा है. ड्रेसिंग रूम में गंदगी पसरी हुई है. इस्तेमाल किये गये बैंडेज और पट्टी डस्टबिन में पड़े हुए हैं, जो बीमारी को आमंत्रित कर रहे हैं. सोमवार की पूर्वाह्न 11 बजे तक बगोदर ट्रामा सेंटर में सफाई नहीं की गयी थी. दो दिन सेंटर में तोड़फोड़ में बिखरी कुर्सी और टेबल व्यवस्थित नहीं किये गये हैं. इधर, स्वास्थ्य केंद्र की अन्य सेवाएं भी ठप है.

कार्य नहीं कर रहे आउटसोर्सिंग कंपनी के कर्मी

चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विनय कुमार ने बताया कि आउटसोर्सिंग कर्मियों का कार्य बहिष्कार जारी है. वह कोई काम नहीं कर रहे हैं. इससे परेशानी बनी हुई है. इस कारण कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं. जल्द ही इसका समाधान निकाला जायेगा. एक माह के मानदेय का भुगतान किया जायेगा, ताकि कर्मी अपने काम पर लौट सकें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >