Giridih News :पंस की बैठक में छाया मनरेगा व आंगनबाड़ी केंद्र में गड़बड़ी का मामला

Giridih News :प्रखंड सभागार में शनिवार को पंचायत समिति की बैठक में मनरेगा व आबा केंद्र में गड़बड़ी का मामला छाया रहा. बैठक की अध्यक्षता प्रमुख राजकुमार पाठक ने व संचालन प्रभारी पंचायती राज पदाधिकारी बैजनाथ महतो ने किया.

विभागवार समीक्षा के दौरान विधायक प्रतिनिधि भैरो वर्मा ने राशन वितरण में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया, जबकि जामजोरी, रसनजोरी, बदगुंदा आदि पंचायतों में अबुआ आवास योजना में मनरेगा योजना में फर्जी डिमांड कर दूसरे के खाते में मजदूरी भुगतान का मामला उठा.

कई विसंगतियां हुईं उजागर

विभागवार समीक्षा के क्रम में विधायक प्रतिनिधि भैरो वर्मा ने राशन वितरण में गड़बड़ी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गोदाम में बोरा समेत खाद्यान्न का वजन होता है, जबकि बोरा के वजन की कटौती का निर्देश है. उन्होंने चावल की हेराफेरी की जांच की मांग की. इस दौरान पंसस मो मुख्तार, लक्ष्मी कुमारी, मोहन हाजरा आदि ने आंगनबाड़ी केंद्रों के बंद रहने, पोषाहार वितरण में मनमानी एवं सेविका-सहायिका के बीच तालमेल के अभाव से लाभुकों को हो रही परेशानी का मामला उठाया. कहा कि कई आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका/सहायिका के बीच विवाद को ले पोषाहार वितरण बंद है. आंगनबाड़ी केंद्र में मेनू अंकित नहीं है. बांकीखुर्द आंगनबाड़ी केंद्र में मदरसा संचालित होता है. जामजोरी का भातुपुर आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहता है, जबकि लाडूदह की सेविका मूल केंद्र नहीं जाना चाहती है. मामले को ले पर्यवेक्षिका ने भी कहा कि उक्त मामले पर वरीय पदाधिकारी को हस्तक्षेप की मांग की है. पंसस मोहन हाजरा ने कहा कि चार वर्ष से हर बार प्रावि दुल्हडीह में बंद एमडीएम का मामला उठाया जा रहा है. एमडीएम चालू कराने का प्रस्ताव भी लिया जा रहा है, पर आज तक इसका अनुपालन नहीं किया है.

बीइइओ या बीपीओ की अनुपस्थिति पर उठे सवाल

मामलों को लेकर सकारात्मक जवाब नहीं मिलने पर प्रमुख ने नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने शिक्षा विभाग के बीइइओ या बीपीओ के बैठक में नहीं आने व प्रतिनिधि के रूप में बीआरपी व एमडीएम प्रभारी को भेज देने पर सवाल उठे. प्रमुख राजकुमार पाठक ने पेयजल व स्वच्छता विभाग से आंगनबाड़ी केंद्र में चापाकल अधिष्ठापन संबंधी जानकारी ली. यह भी कहा कि जल-नल योजना की चर्चा फिजुल है, क्योंकि राशि का आवंटन बंद है और योजना आधा-अधूरी है. प्रमुख ने पुराने गोदाम की मरम्मत एवं प्रखंड परिसर में सार्वजनिक शौचालय निर्माण का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया.

इनकी थी उपस्थिति

बैठक में उप प्रमुख किशोर मुर्मू, बीडीओ निसात अंजुम, सीओ मो.हुसैन, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अबू कासिफ, बीपीओ अभिषेक कुमार, दीपक कुमार, बीपीएम मोहन प्रसाद, मुखिया अकबर अंसारी, पंसस मधुमाला देवी, मो अब्बास, विकास कुमार, चमेली देवी, भोला मंडल, शंकर सिंह समेत कई मौजूद थे.

मनरेगा पर हंगामा, बिफरे प्रमुख व पंसस

बैठक में मनरेगा की समीक्षा शुरू होते ही माहौल गरम हो गया. जामजोरी, रसनजोरी, बदगुंदा आदि पंचायतों में अबुआ आवास योजना में मनरेगा मद से आवंटित मजदूरी की राशि फर्जी डिमांड कर दूसरे के खाते में भेजे जाने का मामला उठा. ब्लॉक के रोजगार सेवकों पर मनमानी का आरोप लगाया गया. मनरेगा की योजनाओं के प्राक्कलन का बोर्ड तक नहीं लगाया जा रहा है. बीपीओ दीपक कुमार ने इस पर पक्ष रखा तो प्रमुख के तेवर तल्ख हो गये. उन्होंने कहा कि अब रोजगार सेवक पदाधिकारियों की नहीं सुनते, जो हास्यास्पद है.

चर्चा में रही पंसस के पति या परिजनों की उपस्थिति

पंचायत समिति की बैठक में कुछ पंचायतों के पंसस के पति, पुत्र व परिजन उपस्थित थे. नाम नहीं छापने की शर्त पर कई ने कहा कि यह बैठक के नियमों के विरुद्ध है. कहा कि व्यावहारिक रूप से यदि किसी पंसस के पति, परिजन बैठक में आते हैं तो उन्हें विभागीय समीक्षा में सवाल-जवाब नहीं करना चाहिए. इस संबंध में बीडीओ निशात अंजुम ने कहा कि बैठक में यह मामला सामने आया है. अगली बैठक के पहले सभी पंसस से स्वयं बैठक में भाग लेने की अपील की जायेगी.

गलत भुगतान मामले में दोषियों के विरुद्ध होगी कार्रवाई : बीडीओ

इधर, सामाजिक कार्यकर्ता मुन्ना मंडल ने मनरेगा योजना के तहत जामजोरी पंचायत के चामलिट्टी गांव में मजदूरी भुगतान की गड़बड़ी से संबंधित पांच लाभुकों के आवेदन बीडीओ निशात अंजुम को सौंपे. चामलिट्टी गांव के पांच लाभुकों नारायण मंडल, कुंती देवी, पिंकी देवी, निरिया देवी व कविता देवी ने कहा है कि उनके खातों से जितनी राशि की निकासी हुई है, उतनी उन्हें नहीं मिली है. इस बाबत बीडीओ ने कहा कि पूर्व में ही पत्र निर्गत कर सभी मुखिया, पंचायत सचिव व रोजगार सेवकों को लाभुकों व उनके परिवार के ही खाते में अबुआ आवास योजना के मजदूरी मद की राशि भेजने का निर्देश दिया गया है. यदि किसी ने लाभुक को छोड़ अन्य खाते में राशि भेजी है, तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >