Giridih News :देवरी प्रखंड में नहीं रुक रहा अवैध बालू का धंधा
Copied link
Giridih News :देवरी प्रखंड क्षेत्र की नदियों से अवैध तरीके से बालू का उठाव लंबे अरसे से किया जा रहा है. बालू को बिहार इलाके में भी खपाया जा रहा है. बालू के उठाव से नदियों की सूरत बिगड़ गयी है. पूर्व के वर्षों में जिन नदियों में सफेद बालू का अंबार दिखता था, आज मिट्टी व घास फुस दिखने लगा है.
स्थानीय लोगों ने बालू को बिहार भेजने के चल रहे कार्य पर रोक लगाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है देवरी प्रखंड क्षेत्र में बालू की मांग पर ही प्रखंड क्षेत्र की नदियों से उठाव होने दिया जाये. वर्तमान समय पर प्रखंड से अधिक आपूर्ति बिहार में हो रही है.
सबसे अधिक उठाव उसरी नदी से हो रहा है
सबसे अधिक उठाव देवरी व जमुआ प्रखंड के बीच गुजरी उसरी नदी से किया जा रहा है. इसके अलावा करमा, गोदावरी, फुरचआ नदी व सोनरे से बालू का उठाव हो रहा है. उसरी नदी से बालू उठाव की वजह से देवरी के नावाबांध व जमुआ के महतोटांड़ गांव के बीच बने पुल की पिलर कमजोर हो गया है. भेलवाघाटी थाना क्षेत्र में लोही नदी व चोलखो नदी में अरगाघाट, हरकुंड घाट व नौआकोनी, गुनियाथर ओपी क्षेत्र में बलियारी व कसोइया के बीच कसोइया घाट व हथगढ़ तथा हीरोडीह थाना क्षेत्र में पड़नेवाली करमाटांड़ नदी व कुंडा नाला के जेवड़ा के पास बालू का उठाव अवैध तरीके से किया जा रहा है.
सीओ कहते हैं
इस संबंध में देवरी के सीओ श्यामलाल मांझी ने बताया कि नदियों से अवैध तरीके से बालू उठाव किये जाने खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. गुरुवार को एक ट्रैक्टर को पकड़कर मुकदमा दर्ज की गयी है. इस अवैध धंधा के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
बेंगाबाद के घाटों से भी हो रही ढुलाई
बेंगाबाद के नदी घाटों से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टरों से बालू का उठाव किया जा रहा है. नदी घाटों से बालू का उठाव करने वाले बालू माफिया मनमानी कीमत पर बालू बेच रहे हैं. सुबह से लेकर देर शाम तक बालू का उठाव किया जाता है. कभी-कभार सीओ कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति कर देते हैं. लेकिन, विशेष छापेमारी अभियान नहीं चलाये जाने से बालू माफियाओं की चांदी कट रही है. बता दें कि ताराटांड़ पंचायत के डमरगुरहा उसरी नदी घाट की बालू की क्वालिटी काफी अच्छी है. इस घाट में प्रतिदिन 50 ट्रैक्टर से अधिक बालू का उठाव हो रहा है. इस घाट में बालू उठाव के लिए बेंगाबाद के अलावा पंचबा और नवडीहा ओपी थाना क्षेत्र से ट्रैक्टर यहां पहुंचते हैं. इसके अलावा मोतीलेदा के उसरी नदी घाट से भी प्रतिदिन बालू का उठाव कर गिरिडीह शहर में खपाया जाता है.
गेनरो नदी घाट से बिहार होती है सप्लाई
गेनरो नदी घाट से बालू का उठाव कर बेंगाबाद के अलावे बिहार में खपाया जा रहा है. वहीं, तेलोनारी पंचायत के बुढ़ियाढाको और बकोईया घाट, बसमता नदी घाट, पेसराटांड़ घाट, बदवारा के पतरो नदी घाट से भी बालू का उठाव किया जा रहा है. चोरगोता नदी घाट से पुल के नजदीक से बालू उठाव किये जाने से पुल के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है. जानकारों के अनुसार उक्त घाटों से बालू की राॅयल्टी वसूलने के लिए स्थानीय बालू माफिया सक्रिय हैं, जो प्रति ट्रैक्टर दो सौ रुपये की वसूली कर रहे हैं. माफिया प्रशासन को मैनेज करने के नाम पर ट्रैक्टर संचालकों से वसूली कर रहे हैं.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.