Gridih News : गिरिडीह. झंडा मैदान के सामने स्थित विवाह भवन परिसर इन दिनों ज्ञान, आस्था और संस्कृति के अद्भुत संगम का साक्षी बना हुआ है. समय इंडिया ट्रस्ट नयी दिल्ली एवं सहयोगी संस्था पुस्तक मेला समिति रांची के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित गिरिडीह पुस्तक मेले में बड़ी संख्या में पुस्तक प्रेमी पहुंच रहे हैं. मेले का सबसे बड़ा आकर्षण प्रसिद्ध लेखक डॉ संदीप जोशी की ‘श्री दुर्गासप्तशती’ बनी हुई है. 31 हजार रु मूल्य की लगभग 13 किलो वजनी यह भव्य पुस्तक अपने विशाल आकार, उत्कृष्ट छपाई और दुर्लभ चित्रों के कारण लोगों को मोह रही है.
गीता प्रेस की पुस्तकें हर आयु वर्ग के लिए खास :
आयोजकों के अनुसार ‘दुर्गासप्तशती’ एक अनूठी कृति है, जिसे संस्कृत, हिंदी और अंग्रेजी में तैयार किया गया है. प्रसिद्ध लेखक डॉ संदीप जोशी की यह रचना मेले में आनेवाले हर दर्शक का ध्यान अपनी ओर खींच रही है. मेले में धार्मिक पुस्तकों की ओर लोगों का विशेष रुझान देखने को मिल रहा है. गीता प्रेस की पुस्तकें हर आयु वर्ग के पाठकों को आकर्षित कर रही हैं. इनके प्रति लोगों का जुड़ाव मेले के वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना रहा है. मेले में मनोज पब्लिकेशन और गोवो बुक्स के स्टॉल पर भी किफायती दरों पर धार्मिक पुस्तकों की भरमार है. आकर्षक डिजाइन और रंगीन चित्रों से सजी ये पुस्तकें ज्ञानदायक हैं. यह चार दिवसीय पुस्तक मेला 12 अप्रैल तक चलेगा.
रचनात्मकता को मिल रहा मंच :
मेले के दौरान आयोजित चित्रकला, कविता-पाठ, कहानी लेखन और नृत्य प्रतियोगिताओं में बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. प्रतिभागियों ने सामाजिक मुद्दों पर अपने विश्लेषण से सभी का ध्यान आकर्षित किया. कहानी और कविता प्रतियोगिताओं में जहां विचारों की गहराई देखने को मिली, वहीं चित्रकला में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता से विषय को जीवंत कर दिया.
आज सजेगा काव्य का मंच :
पुस्तक मेले में शनिवार की शाम 4:30 बजे कवि सम्मेलन आयोजित होगा. मौके पर स्थानीय रचनाकार अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे. यह आयोजन साहित्य प्रेमियों के लिए एक खास आकर्षण रहेगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.