गिरिडीह. गावां थाना क्षेत्र के पिहरा स्थित धरधरवा में सड़क किनारे खड़े छह वर्षीय बच्चे को बाइक ने टक्कर मार दी. हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गावां ले गये, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया.
खून से लथपथ हुआ बच्चा
घटना को लेकर घायल बच्चे की मां प्रीति कुमारी ने अपने पति अजय चौधरी के साथ गावां थाना पहुंचकर आवेदन दिया है. आवेदन के अनुसार, उनका छह वर्षीय पुत्र आद्विक कुमार चौधरी घर के समीप सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान जगदीशपुर निवासी सूरज कुमार यादव बाइक से वहां पहुंचा और बच्चे को टक्कर मार दी.
परिजनों के अनुसार, टक्कर लगने के बाद आद्विक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर से काफी खून बहने लगा. परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गावां ले गये.
पुलिस कर रही मामले की जांच
सीएचसी गावां में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया. बच्चे की मां ने पुलिस से घटना की जांच कर बाइक चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने बताया कि घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: बिना डिग्री वाले डॉक्टर कर रहे प्रसव और सर्जरी? धनवार के श्रीराम हॉस्पिटल में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों का हंगामा
