गिरिडीह से विष्णु स्वर्णकार की रिपोर्ट
Giridih: जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोड़ो इलाके में देह व्यापार के एक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है. मामले में एक महिला समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक लाल रंग की ब्रेजा चार पहिया वाहन भी जब्त की है. बुधवार को गिरिडीह के एसपी डॉ बिमल कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया. बताया गया की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बोड़ो इलाके में किराये के मकान में कुछ लड़कियों को डरा-धमकाकर और मारपीट कर जबरन देह व्यापार कराया जा रहा है.
एसआईटी ने की छापेमारी
सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया. गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए बोड़ो स्थित एक किराये के मकान में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान वहां से दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया, जबकि मौके से एक महिला को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में पीड़ित लड़कियों ने बताया कि क्रांति देवी नामक महिला द्वारा उन्हें डराकर और मारपीट कर देह व्यापार के धंधे में धकेला गया था. पीड़िताओं के आवेदन के आधार पर पचम्बा थाना कांड संख्या 52/26 के तहत एवं पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
महिला के साथ दो गिरफ्तार
पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में क्रांति देवी (पति–राजकुमार शर्मा), निवासी बलिया बेड़ा थाना भरकट्ठा ओपी (बिरनी थाना), मो. तौफिक अंसारी निवासी अहारडीह थाना गांडेय तथा मुशरफ अंसारी निवासी घाटाकुल थाना गांडेय शामिल हैं. छापेमारी दल का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक आरके राणा ने किया. टीम में अंचल पुलिस निरीक्षक ज्ञान रंजन कुमार, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार, दीपक कुमार, प्रभात कुमार सहित पचम्बा थाना के सशस्त्र बल एवं चौकीदार शामिल थे.
ये भी पढ़ें…
गिरिडीह: एंबुलेंस नहीं पहुंची गांव, गर्भवती महिला को चार किलोमीटर तक खाट पर ले गए ग्रामीण
ट्रेन से कटकर युवक की मौत, पहचान होने के बाद जांच में जुटी पुलिस
