Giridih News : सरिया थाना क्षेत्र के चौधरीडीह गांव के श्यामनगर टोला के एक बंद घर का ताला तोड़ कर बीती रात चोरों ने 40 हजार नकदी समेत लगभग ढाई लाख की संपत्ति की चोरी कर ली. इस संबंध में भुक्तभोगी सुरेंद्र रविदास की पत्नी कौशल्या देवी ने बताया कि उनके पति कोलकाता में रहते हैं. घर में वह अपने दो बच्चों के साथ रहती है. सोमवार की शाम उसकी तबीयत खराब होने के कारण वह घर में ताला लगाकर अपने बच्चों सहित मायके बिरनी थाना क्षेत्र के नावाडीह बंगराकला चली गयी. मंगलवार की देर शाम जब घर लौटी तो घर का ताला टूटा हुआ देखा. घर के अंदर देखा कि बक्से का ताला टूटा हुआ है. उसमें रखे लगभग 40 हजार नकदी, सोने की एक चेन, सोने का झुमका, सोने की दो नथिया, चांदी की पायल, चांदी की सिकड़ी, दो पैकेट चावल, राशन का सामान, नये कपड़े, कांसा-पीतल के बरतन समेत लगभग ढाई लाख की संपत्ति चोरी हो गयी है. वहीं इसी मुहल्ले में बने सेवाली ठाकुर के भी नये घर का ताला तोड़ा गया, पर घर खाली था, इसलिए वहां चोरों को कुछ हाथ नहीं लगा. मामले की लिखित सूचना सरिया थाना को दी गयी है. सूचना पाकर पहुंचे माले नेता सोनू पांडेय, द्वारिका दास, अरुण दास, अविनाश सिंह, भाजपा नेता निर्मल भारती, राजू पांडेय, विक्रम पांडेय, दामोदर पासवान ने घटना को लेकर सरिया थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह से बात कर मामले के उद्भेदन की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
