पंचायत को मिली है बेंगाबाद के बसमता व बलियाडीह नदी घाट से वसूली की जिम्मेदारी
बेंगाबाद के बसमता और बलियाडीह नदी घाट से बालू उठाव की राॅयल्टी वसूली करने की जिम्मेदारी मिलने एक पखवारा बीतने के बाद भी वसूली शुरू नहीं हुई है. राॅयल्टी वसूली के लिए पंचायत स्तर पर कमेटी गठन नहीं हो पाने से मुखिया व पंचायत सचिव इस दिशा में आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं. इधर, मौके का लाभ उठाकर बालू की ट्रैक्टरों से जमकर उठाव कर बिक्री में धंधेबाज सक्रिय हैं. इससे पंचायतों को राजस्व का नुकसान हो रहा है. राजस्व के नुकसान से पंचायत में अतिरिक्त विकास का कार्य पर भी ग्रहण लगने की आशंका है.कैटेगरी वन के तहत जिला प्रशासन ने सौंपी है जिम्मेदारी
बताया जाता है कि ओझाडीह पंचायत के बलियाडीह नदी घाट और महुआर पंचायत के बसमता नदी घाट में बालू के उठाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने कैटैगरी वन के तहत बालू उठाव करने पर राॅयल्टी वसूली की जिम्मेदारी दोनों पंचायतों को सौंपी है. इस संबंध में 31 जनवरी को प्रखंड कार्यालय के सभागार में बैठक कर सीओ प्रियंका प्रियदर्शी ने दोनों पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव के अलावा पंचायती राज पदाधिकारी और अंचल निरीक्षक की मौजूदगी में प्रावधानों की जानकारी दी थी. बताया गया था कि उक्त घाटों से अब बालू का उठाव करने पर प्रति टैक्टर सौ रुपये राॅयल्टी वसूली जा सकती है. इसके लिए पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव और पांच वार्ड सदस्यों की एक कमेटी बनानी है. कमेटी की ओर से चालान निर्गत करते हुए वसूली राशि मुखिया और पंचायत सचिव के संयुक्त खाते में जमा की जायेगी. उक्त राशि पंचायत के अतिरिक्त विकास कार्यों में खर्च होगी. इससे बालू की तस्करी पर रोक लगेगी और पंचायत को राजस्व की प्राप्ति होगी. इधर, निर्देश के एक पखवारा बीत जाने के बाद भी चालान निर्गत नहीं किया जा सका है. इसके कारण दोनों घाटों के अलावा अन्य घाटों से जमकर बालू का उठाव किया जा रहा है और पंचायत को राजस्व की प्राप्ति भी नहीं हो रही है.
क्या कहते हैं मुखिया
ओझाडीह पंचायत के मुखिया बासुदेव नारायण सिंह ने बताया कि स्थानीय स्तर पर बनने वाली कमेटी के संबंध में प्रशासन से कोई स्पष्ट निर्देश व प्रावधानों की जानकारी नहीं मिली है. इसलिए कमेटी का गठन नहीं किया जा सका है. कहा इसकी जानकारी अधिकारियों को भी दी जा चुकी है. जैसे ही स्पष्ट गाइडलाइन मिलेगी, चालान निर्गत करना शुरू कर दिया जायेगा. वहीं, महुआर पंचायत की मुखिया सुकन्या कुमारी के अनुसार बसमता घाट से बालू उठाव पर राॅयल्टी वसूली करने संबंधी जानकारी स्थानीय ग्रामीणों को दी जा चुकी है. कमेटी का गठन की प्रक्रिया चल रही है. जल्द ही बालू उठाव करने वाले ट्रैक्टरों से राॅयल्टी वसूली जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
