मशीन में नमक दिख रहा, दुकान में नहीं; जमुआ में PDS के e-POS की एंट्री ने बढ़ायी डीलरों की मुश्किलें

जमुआ में जन वितरण प्रणाली की बड़ी लापरवाही सामने आई है. ई-पॉस मशीन में नमक का स्टॉक दिखने के बावजूद डीलरों को नमक नहीं मिला.

जमुआ. प्रखंड में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं के वितरण को लेकर सवाल उठने लगे हैं. डीलरों का आरोप है कि ई-पॉस (e-POS) मशीन में आयोडीन नमक का स्टॉक और कोटा दर्ज कर दिया गया है, लेकिन डीलरों की दुकानों तक नमक पहुंचा ही नहीं है. ऐसे में कार्डधारियों को नमक देने में डीलरों को परेशानी हो रही है.

Ration Card Salt

डीलरों के अनुसार, अगस्त माह का आयोडीन नमक अभी भी सरकारी गोदाम में पड़ा हुआ है. दूसरी ओर, ई-पॉस मशीन में नमक का स्टॉक दर्ज होने के कारण कार्डधारियों को वितरण के लिए नमक आवंटित दिख रहा है. कार्डधारी जब नमक लेने पहुंचते हैं तो डीलर उन्हें नमक उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं. इससे कई दुकानों पर डीलरों और कार्डधारियों के बीच विवाद की स्थिति बन रही है.

e-POS में स्टॉक, दुकान में नमक नहीं

चुंगलो के डीलर शनिवार मंडल, अर्जुन राम समेत अन्य डीलरों ने बताया कि ई-पॉस मशीन में नमक चढ़ा दिया गया है, लेकिन डीएसडी के माध्यम से दुकानों तक नमक नहीं पहुंचाया गया है. कार्डधारी पिछले महीने से ही नमक मिलने की जानकारी के आधार पर दुकानों पर पहुंच रहे हैं और नमक नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हैं.

डीलरों का कहना है कि विभागीय स्तर पर स्टॉक मशीन में दर्ज होने और वास्तविक रूप से नमक उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी परेशानी बढ़ गयी है. समय पर खाद्यान्न और नमक की आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीण क्षेत्र के गरीब कार्डधारियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है.

अगस्त का नमक गोदाम में पड़ा

डीलरों के अनुसार अगस्त माह का आयोडीन नमक दुकानों तक पहुंचने के बजाय अब तक गोदाम में ही पड़ा है. मशीन में स्टॉक दर्ज होने के कारण वितरण की प्रक्रिया और जटिल हो गयी है. डीलरों का कहना है कि कार्डधारी ई-पॉस मशीन की पर्ची में नमक का आवंटन देखते हैं, लेकिन दुकान में नमक नहीं होने के कारण उन्हें वास्तविक रूप से नमक देना संभव नहीं हो रहा है.

ये भी पढ़ें: कौन संभालेगा सुदिव्य सोनू की राजनीतिक विरासत, श्वेता या कोई और? गिरिडीह में उठने लगे सवाल

डीलरों ने मांग की है कि अगस्त माह के बकाये खाद्यान्न और आयोडीन नमक के साथ सितंबर माह का खाद्यान्न भी जल्द दुकानों तक पहुंचाया जाये, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारू हो सके.

सितंबर के खाद्यान्न के साथ भेजा जायेगा बकाया नमक

जानकारी के अनुसार, अगस्त माह के बकाये राशन और आयोडीन नमक के साथ सितंबर माह के राशन को भी पीडीएस दुकानों तक भेजने की तैयारी शुरू कर दी गयी है.

क्या कहते हैं गोदाम प्रबंधक

जमुआ प्रखंड आपूर्ति विभाग के गोदाम प्रबंधक ओंकार देव ने कहा कि अगस्त माह का नमक 23 पंचायतों के डीलरों के गोदाम तक भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि अब सितंबर माह के चावल और गेहूं के साथ अगस्त माह का बकाया नमक भी डीलरों तक भेजा जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil verma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >