Giridih News: माेंगिया स्टील के स्पंज आयरन फैक्ट्री को ले हुई जनसुनवाई

Giridih News: मोंगिया स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड की स्पंज आयरन फैक्ट्री के विस्तारीकरण को ले सदर प्रखंड के मंझलाडीह में शनिवार को जनसुनवाई हुई.

उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पर्यावरणीय विषयों पर चर्चा हुई. इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने अपना अपना पक्ष रखा. कई ग्रामीणों ने फैक्ट्री के विस्तारीकरण के समर्थन में तो कई लोगों ने इसके विरोध में अपने विचार रखे. कई लोग विरोध में नारे लिखी तख्तियां भी लेकर पहुंचे थे. जनसुनवाई कार्यक्रम में झारखंड प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के एक अधिकारी ने स्पंज आयरन फैक्ट्री के विस्तारीकरण के विषय में जानकारी दी. बताया गया कि एक ओर जहां स्पांज आयरन का उत्पादन किया जाएगा, तो वहीं दूसरी ओर 25 मेगावाट का कैप्टिव पावर प्लांट भी लगाया जायेगा. इस दौरान चतरो, गंगापुर, मोहनपुर आदि के ग्रामीणों ने प्रदूषण की चर्चा करते हुए कहा कि इसकी वजह से गांव के लोग बीमार पड़ रहे हैं, बच्चे अपंग पैदा हो रहे हैं और फसलें बर्बाद हो रही हैं. साथ ही डीप बोरिंग की वजह से पानी की समस्या उत्पन्न हो रही है. अध्यक्षता सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विस्पुते कर रहे थे. माैके पर झारखंड प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के सहायक वैज्ञानिक रामरतन काशी, क्षेत्रीय पदाधिकारी विवेक कुजूर, गादी पंचायत की मुखिया कंचन देवी, मोंगिया स्टील एंड पावर प्रालि के सीएमडी डॉ गुणवंत सिंह मोंगिया समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

प्रदूषण नियंत्रण के प्रावधानों का सख्ती से किया जाएगा पालन : डॉ माेंगिया

मोंगिया स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड के सीएमडी डॉ गुणवंत सिंह मोंगिया ने कहा कि प्रदूषण के मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आधनिकता के इस युग में प्रदूषण नियंत्रण के कई उपकरण और वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल होता है. इन तथ्यों को अब सभी को समझने की जरूरत है. कई शहरों में स्पांज आयरन की बड़ी बड़ी फैक्ट्रियां संचालित हैं, जिसको देखने की जरूरत है. पूर्व से स्थापित फैक्ट्रियों से तुलना करने के बजाय लोगों को वास्तविक तथ्यों को देखने की जरूरत है. बताया कि मोंगिया स्टील की दो- दो स्पांज आयरन की फैक्ट्रियां पहले से संचालित हैं, जहां प्रदूषण नियंत्रण का कड़ाई से पालन किया जाता है. कहा कि प्रस्तावित फैक्ट्री स्थापित होने पर भी नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा. इतना ही नहीं, इस फैक्ट्री के साथ साथ पावर प्लांट भी स्थापित किया जाएगा. यह पावर प्लांट प्रदूषण को खत्म कर देगी. प्रदूषण नियंत्रण के लिए ही सरकार ने स्पांज आयरन फैक्ट्री की स्थापना के साथ साथ पावर प्लांट लगाने का प्रावधान किया है. गुणवंत सिंह ने कहा कि छह सौ टन क्षमता वाले इस स्पांज आयरन प्लांट में लगभग सात सौ लोगों को रोजगार मिलेगा, जिसमें 90 प्रतिशत से ज्यादा लोग स्थानीय होंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MAYANK TIWARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >