Giridh News :गिरिडीह में रामनवमी को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर
Giridh News : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गिरिडीह पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है. जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए तैयारी है. एसपी डॉ बिमल कुमार स्वयं लगातार पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे हैं और हर स्तर पर सुरक्षा इंतजामों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं.
Giridh News :गिरिडीह में रामनवमी को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर
पर्व के मद्देनजर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक हुई हैं, जिसमें जनप्रतिनिधियों, पूजा समिति के सदस्यों, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों के साथ पुलिस ने आपसी समन्वय पर जोर दिया है. बैठकों में जुलूस के रूट, डीजे नहीं बजाने, भड़काऊ नारेबाजी और अफवाहों से बचने को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिये गये हैं. इसके साथ ही जिले के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में पुलिस द्वारा लगातार पैदल मार्च किया जा रहा है. पैदल मार्च के जरिये आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया जा रहा है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा. एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्ती करें, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर विशेष सतर्कता बरतें. उन्होंने स्पष्ट कहा है कि किसी भी तरह की अफवाह या शांति भंग करने की कोशिश पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की जायेगी.
ड्रोन, सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से होगी निगरानी
रामनवमी के दौरान अखाड़ा जुलूस को पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए पुलिस अत्याधुनिक निगरानी व्यवस्था लागू की है. जिन सड़कों और मार्गों से अखाड़ा जुलूस निकलेगा, वहां लगातार ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके और किसी भी तरह की संदिग्ध हरकत को समय रहते रोका जा सके. जुलूस के दौरान पूरे मार्ग की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करायी जायेगी. इसका उद्देश्य सुरक्षा औ्र अप्रिय घटना या विवाद की स्थिति में साक्ष्य के तौर पर फुटेज उपलब्ध कराना भी है. अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा गिरिडीह शहर समेत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संवेदनशील और भीड़ वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां सीसीटीवी कैमरे लगायेए गये हैं. इन कैमरों के जरिए कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है. पुलिस कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है और हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं.
संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात
जिलेभर के सभी चिह्नित, संवेदनशील व अति संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती कर दी गयी है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके. वहीं, विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से दंडाधिकारियों की तैनाती की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है. गश्त भी की जा रही है. मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्गों पर पुलिस की विशेष नजर है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं. थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिया गया है. किसी भी तरह की अफवाह या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गयी है.
सुरक्षा के किये गये हैं व्यापक इंतजाम : एसपी
एसपी डॉ बिमल कुमार ने बताया कि गिरिडीह पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किये हैं. बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों और अखाड़ा जुलूस के रूटों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है. इसके अलावा चिन्हित जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी की गयी है. जिले के सभी थानों को अलग-अलग क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात की गयी है. एसपी ने कहा कि पुलिस मुख्यालय से पर्याप्त संख्या में पुलिस बल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसकी तैनाती संवेदनशील व अति संवेदनशील स्थानों पर की जायेगी. साथ ही जिलेभर में 200 होमगार्ड जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाये गये हैं. पूरे जिले की गतिविधि पर कंट्रोल रूम से भी सतत निगरानी रखी जाएगी. कहा कि पर्व के दौरान वे स्वयं भी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहेंगे. उन्होंने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि रामनवमी शांति और सौहार्द के साथ संपन्न कराया जा सके.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.