Giridih News :सरिया की सड़कों पर कचरे का अंबार, सफाई की मांग

Giridih News :सरिया नगर पंचायत क्षेत्र में कई सड़कों व गलियों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है. इसके कारण नगर वासियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. सड़कों के किनारे फैले कूड़े कचरों के पास से निकल रही बदबू से स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो गया है.

हिंदू धर्म ग्रंथों के अनुसार कार्तिक महीना उत्तम व पवित्र महीना माना जाता है. इस माह में जहां दीपावली के अवसर पर धन की देवी लक्ष्मी की पूजा की जाती है, तो वहीं छठ महापर्व में भगवान सूर्य की आराधना लोग करते हैं. त्योहारों के इस माह में गांव से लेकर शहर तक सभी लोग स्वच्छता का विशेष ख्याल रखते हैं. अपने-अपने स्तर से लोग साफ-सफाई में जुट गये हैं, लेकिन इन दिनों सरिया नगर पंचायत क्षेत्र में कई सड़कों व गलियों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है. इसके कारण नगर वासियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. सड़कों के किनारे फैले कूड़े कचरों के पास से निकल रही बदबू से स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो गया है. सबसे खराब स्थिति स्टेशन रोड जैन धर्मशाला के सामने की है, जहां नगर पंचायत द्वारा कचरा डंपिंग के लिए कूड़ेदान रखवाया गया है. इसके बावजूद उसके इर्द-गिर्द कचरा बिखरा रहता है. यहां एक ओर जहां दिगंबर जैन मंदिर स्थित, है तो वहीं दूसरी ओर सब्जी मंडी भी है. सब्जी मंडी में साग-सब्जी की बिक्री की जाती है और कचरा सड़क किनारे फेंक दिया जाता है.

सप्ताह में एक-दो दिन होती है सफाई

स्थानीय लोगों की मानें तो नगर पंचायत के सफाईकर्मी सप्ताह में एक-दो दिन ही डंप किया गया कचरा हटाते हैं. इस बीच जानवर चारा की खोज में उन कूड़ा-कचरा को तितर-बितर कर देते हैं. इसके कारण कचरा सड़क पर फैल जाता है. लोगों ने नगर पंचायत पदाधिकारी से प्रतिदिन सफाई कर्मियों द्वारा कचरा हटाने की अपील की है.

क्या कहते हैं कार्यपालक पदाधिकारी

इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी अजीत कुमार ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र की स्वच्छता का पूरा ख्याल रखा जा रहा है.आसन्न त्योहारों को लेकर सफाई कर्मियों को स्वच्छता व साफ सफाई से संबंधित सजग किया गया है. स्वच्छ सरिया-स्वस्थ सरिया की तर्ज पर काम किया जा रहा है, इसके बावजूद यदि कहीं कचरा जमा है, तो उसे अविलंब हटाया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >