देवरी पावर सब स्टेशन से जुड़े गांवों में अनियमित बिजली आपूर्ति ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है. डीवीसी लाइन और 33 केवीए लाइन में खराबी के नाम पर लगातार बिजली कटौती से लोगों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले दो माह से लगभग हर दिन डीवीसी लाइन में खराबी की जानकारी देकर आपूर्ति बाधित की जा रही है.
हर दो घंटे में करीब एक घंटे बिजली काटी जाती है
स्थानीय उपभोक्ता पप्पू साव, सोनू कुमार, अहमद अंसारी, बच्चू नारायण राय, विजय साव, सुखदेव सिंह, अब्बास अंसारी, कुलदीप राय, मुमताज अंसारी, अजीत शर्मा और लालू यादव ने बताया कि डीवीसी लाइन में खराबी का हवाला देकर कई बार प्रत्येक दो घंटे में करीब एक घंटे बिजली काटी जाती है. वहीं, 33 केवीए लाइन में खराबी आने पर घंटों बिजली गुल रहती है. इससे घरेलू कामकाज के साथ कारोबार और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है.
स्थायी समाधान नहीं होने से बढ़ी नाराजगी
उपभोक्ताओं का कहना है कि रोजाना खराबी की मरम्मत के बजाय डीवीसी लाइन और जमुआ-देवरी 33 केवीए लाइन में लगे जरूरी उपकरणों को बदलकर स्थायी समाधान किया जाना चाहिए. ग्रामीणों ने इंसुलेटर, तार, जंपर और क्लैंप जैसी सामग्री तथा प्रशिक्षित कर्मचारियों की उपलब्धता पर भी सवाल उठाये हैं.
लाइन के जरूरी उपकरण बदले जाने की मांग
चिरुडीह के अजीत कुमार शर्मा ने कहा कि बार-बार खराबी के कारण लाइन के जरूरी उपकरण बदले जाने चाहिए. दुलौरी मोग्लाजोर के अहमद अंसारी ने कहा कि जरूरी सामग्री और प्रशिक्षित कर्मचारियों की कमी के कारण खराबी का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है. तेलोडीह के पप्पू कुमार साव ने कहा कि मामूली फॉल्ट के बाद भी घंटों बिजली बहाल नहीं होना विभाग की तकनीकी कमजोरी को उजागर करता है.
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
मकडीहा के कुलदीप राय ने कहा कि गर्मी में लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं. व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो पावर सब स्टेशन में तालाबंदी की जाएगी. अन्य उपभोक्ताओं ने भी देवरी पावर सब स्टेशन का घेराव कर सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी दी है.
बारिश से काम प्रभावित
ऊर्जा विभाग के सहायक अभियंता रामसुंदर राम ने बताया कि खराबी दूर करने का काम चल रहा है. बारिश के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है. काम पूरा होते ही नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जायेगा.
