Giridih News :गावां सीएचसी में नहीं मिले चिकित्सक, पूर्व विधायक ने जतायी नाराजगी

Giridih News :गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था में सुधार को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने स्वास्थ्य विभाग को अल्टीमेटम दिया है. कहा है कि चिकित्सक के नहीं रहने से लोगों को परेशानी हो रही है.

बता दें कि बुधवार की देर रात मारपीट में घायल चार-पांच लोग इलाज के लिए सीएचसी पहुंचे, लेकिन अस्पताल में कोई भी स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं थे. काफी देर तक इंतजार के बाद ग्रामीणों ने पूर्व विधायक को सूचना दी. सूचना मिलते ही पूर्व विधायक अस्पताल पहुंचे, तो अस्पताल में सिर्फ एक एएनएम मिली. श्री यादव ने फोन करने पर स्वास्थ्यकर्मी पहुंचे और घायलों का इलाज शुरू किया गया. घटना से आक्रोशित पूर्व विधायक गुरुवार को अपने समर्थकों के साथ फिर अस्पताल पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जिसमें कई खामियां सामने आयीं.

अस्पताल में है चिकित्सकों की कमी

इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री, मुख्य सचिव, उपायुक्त व सिविल सर्जन के नाम प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नवीन कुमार को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में कहा गया है कि गावां सीएचसी में डॉक्टरों की कमी है. सात में दो एमबीबीएस व एक आयुष चिकित्सक ही कार्यरत हैं. अस्पताल भवन बनने के बावजूद अब तक सभी आवश्यक सुविधा यहां नहीं है. दवा, उपकरणों और अन्य बुनियादी संसाधनों की कमी है. डॉक्टरों के लिए आवास की व्यवस्था नहीं होने से समस्या हो रही है. क्षेत्र की बड़ी आबादी इस अस्पताल पर निर्भर है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं.

14 तक नहीं हुआ सुधार, तो आंदोलन

पूर्व विधायक ने मांग की है कि जल्द से जल्द डॉक्टरों की संख्या व अन्य सुविधा बढ़ायी जाये. कहा कि प्रखंड के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डॉक्टरों के अभाव के कारण बंद पड़े हैं. वहीं, वर्ष 2016 में उनके द्वारा उपलब्ध करायी गयी एंबुलेंस जर्जर हो गयी है. इसलिए एक नयी एंबुलेंस दी जाये. अल्टीमेटम दिया कि 14 मई तक सुधार नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जायेगा. मौके पर माले के नागेश्वर यादव, गणेश यादव, प्रखंड सचिव सकलदेव यादव, जिप सदस्य पवन कुमार चौधरी सहित अन्य मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pradeep kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >