अपने ननिहाल से नाबालिग भाई के साथ मुख्य आरोपी रोहित दास गिरफ्तार

Giridih News : अजय दास हत्याकांड. डीजे बंद कराने को लेकर विवाद में की गयी थी युवक की हत्या

प्रतिनिधि, गिरिडीह. नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार स्थित दास मोहल्ला में बीते पांच मार्च की रात डीजे बंद कराने को लेकर हुए विवाद में युवक अजय दास की चाकू मारकर हत्या किये जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में मुख्य आरोपी रोहित दास समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. बुधवार को गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी.

एसपी ने बताया कि घटना के बाद मृतक अजय दास के भाई की ओर से नगर थाना में सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सिटी डीएसपी नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना की रात ही नामजद तीन आरोपियों राहुल दास, ललिता देवी और राजन दास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. वहीं हत्या कांड के मुख्य आरोपी रोहित दास, रवि दास, रोनी दास तथा एक नाबालिग घटना के बाद से ही फरार चल रहे थे. जिन्हें भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त चाकू को भी बरामद कर लिया गया है.

हत्या के बाद बराकर नदी में चाकू फेंक मुख्य आरोपी चला गया था हावड़ा :

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद इस कांड का मुख्य आरोपी रोहित अपने नाबालिग भाई के साथ ऑटो से फरार हो गया था. इस दौरान रास्ते में दोनों ने घटना में प्रयुक्त चाकू को बराकर नदी में फेंक दिया, ताकि सबूत मिटाया जा सके. इसके बाद दोनों पारसनाथ रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से ट्रेन पकड़ कर हावड़ा चले गये थे. पुलिस के अनुसार हावड़ा में कुछ दिनों तक छिपकर रहने के बाद जब उनके पास मौजूद पैसा खत्म हो गया, तो दोनों वहां से वापस लौट आये.

खपरैल पर सोये हुए थे दोनों भाई, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचापुलिस सूत्रों के अनुसार जब यह सूचना मिली कि हत्या कांड का मुख्य आरोपी रोहित अपने नाबालिग भाई के साथ बनियाडीह के प्रेमनगर स्थित ननिहाल में छिपा हुआ है, तो पुलिस की एक विशेष टीम प्रेमनगर पहुंची और घर पर छापेमारी की. मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि घर के मुख्य गेट में बाहर से ताला लगा हुआ है. पुलिस ने घर पर मौजूद रोहित की नानी से पूछताछ की. नानी ने पुलिस को बताया कि दोनों युवक घर के अंदर ही मौजूद हैं. इसके बाद पुलिस ने ताला खुलवाकर घर के अंदर प्रवेश किया, लेकिन अंदर कोई नहीं मिला. इससे पुलिस को संदेह हुआ और टीम ने घर की बारीकी से तलाशी शुरू की. तलाशी के दौरान पुलिस की नजर घर के ऊपर बनी खपरैल की छत पर पड़ी, जहां दोनों भाई छिपकर सोए हुए थे. इसके बाद पुलिस ने सावधानी बरतते हुए दोनों को किसी तरह नीचे उतारा और गिरफ्तार कर थाना ले आयी.

छापामारी दल में शामिल अधिकारी व जवानछापामारी दल में डीएसपी नीरज सिंह के अलावा नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना के एसआई राणा जंग बहादुर, एसआई विक्रम कुमार सिंह, एसआई संजय नायक, मुफस्सिल थाना के एसआई संजय कुमार और एसआई मनोज कुमार शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Manoj kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >