ताराजोरी पंचायत के जोनराबेड़ा गांव में शुक्रवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. घटना में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये. सूचना मिलने पर बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
खेत की जुताई को लेकर शुरू हुआ विवाद
घायल संतोष किस्कू ने बताया कि विवादित जमीन पर उनका परिवार वर्षों से जोत-आबाद करता आ रहा है. शुक्रवार सुबह ताराजोरी गांव के सुनील टुडू पक्ष के लोग उक्त जमीन की जुताई करने पहुंच गये. इसकी जानकारी मिलने पर वे पूछताछ करने गये. आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने कुल्हाड़ी, लाठी-डंडा और अन्य हथियारों से हमला कर दिया.
कई लोग गंभीर रूप से घायल
मारपीट में संतोष किस्कू, मंगरा किस्कू, हेमलाल किस्कू, गुड्डी मुर्मू और सुनीता हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गये. वहीं, सामेल किस्कू के साथ भी मारपीट की गयी और उसे घटनास्थल से ले जाया गया. दूसरी ओर दूसरे पक्ष के भी कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है.
खेत से घायल अवस्था में मिला सामेल किस्कू
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लापता सामेल किस्कू की तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान वह गांव से कुछ दूरी पर खेत में घायल अवस्था में मिला. पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जायेगी. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, हालांकि स्थिति नियंत्रण में है.
