Giridih News : सदर अस्पताल पहुंचीं कल्पना सोरेन, पीड़ितों से मिलकर हुईं भावुक

Giridih News : फूड प्वाइजनिंग मामले में कार्रवाई का दिया भरोसा

Giridih News : गिरिडीह. सदर प्रखंड के लेदा बजटो गांव में गुपचुप-चाट खाने से दर्जनों लोगों के बीमार पड़ने और छह वर्षीय मासूम रंजन कुमार की मौत के मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मचा दी है. इसी कड़ी में मंगलवार को गांडेय की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचीं और फूड प्वाइजनिंग से पीड़ित मरीजों व मृतक बच्चे के परिजनों से मुलाकात की. अस्पताल में भर्ती मरीजों का हालचाल जानने के दौरान जैसे ही विधायक कल्पना सोरेन की मुलाकात मासूम रंजन की मां से हुई, माहौल भावुक हो गया. बिलखती मां को देखकर विधायक खुद को संभाल नहीं सकीं और उन्हें गले लगाकर सांत्वना दी. इस दौरान उनकी आंखें भी भर आईं. परिजनों ने विधायक के सामने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाये. उन्होंने कहा कि जब रंजन को अस्पताल लाया गया, तब काफी भीड़ थी, डॉक्टर समय पर नहीं मिले और जो मिले, उन्होंने भी गंभीरता नहीं दिखाई. इलाज में देरी के कारण मासूम तड़पता रहा और अंततः उसकी मौत हो गई. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि फिलहाल अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों की भी नियमित देखरेख नहीं हो रही है. किसी मरीज की हालत बिगड़ने पर खुद जाकर स्टाफ को बुलाना पड़ता है. इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने मृत बच्चे की मां का हाथ थामकर कहा की चिंता मत करो. जिसकी भी लापरवाही से रंजन की जान गई है, उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. इलाज में कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी. उन्होंने मौके पर ही यह भी कहा कि वे स्वयं स्वास्थ्य मंत्री से बात कर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करायेंगी. मौके पर डीडीसी स्मृता कुमारी, मेयर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, अपर समाहर्ता विजय सिंह बिरुआ, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, बीडीओ गणेश रजक, सीओ जितेंद्र प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ बच्चा सिंह तथा फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ राजा कुमार समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >