परीक्षार्थियों की बड़ी आमद के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. इसी क्रम में नगर थाना पुलिस ने शहर के होटलों और लॉजों का सघन जांच अभियान शुरू किया है.
कागजात की बारीक पड़ताल हो रही
नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह स्वयं टीम के साथ शहर के प्रमुख होटलों व लॉजों में वहां ठहरने वाले लोगों की जांच कर रहे हैं. इस दौरान होटल रजिस्टर, पहचान पत्र, ठहरने का उद्देश्य तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीक पड़ताल की जा रही है. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना और परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखना है. बाहरी जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों के बीच किसी भी तरह के दलाल, फर्जी अभ्यर्थी या असामाजिक तत्वों की घुसपैठ को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है.वैध पहचान पत्र के बगैर ठहरने की अनुमति नहीं
थाना प्रभारी ने होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को ठहरने की अनुमति न दी जाए और हर आगंतुक की पूरी जानकारी रजिस्टर में दर्ज की जाए. थाना प्रभारी श्री सिंह ने बताया कि जिले में बाहर से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी गिरिडीह पहुंचेंगे. होटल और लॉजों की सघन जांच का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी असामाजिक तत्व या दलाल परीक्षार्थियों के बीच सक्रिय न हो सके.
