बताया जाता है कि सरिया के एक व्यवसायी के साथ मारपीट के आरोपी पोखरियाडीह निवासी प्रेम कुमार मंडल की पिटाई इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बेरहमी से कर दी. इसकी सूचना मिलने पर पार्टी के कार्यकर्ता थाना गेट पर धरना पर बैठ गये. पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में जमकर नारेबाजी की गयी. भाजपा नेताओं ने इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव ने निलंबित कर सरिया थाना से हटाने का नारा लगाया. भाजपा नेताओं का कहना था कि आरोपी प्रेम कुमार को सरिया पुलिस धोखे से बुलाकर मारपीट के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया. सूचना पर इंस्पेक्टर पहुंचे और उन्होंने प्रेम को अपने कार्यालय में बुलाकर शुक्रवार की रात को बेरहमी से पिटाई की जिस कारण शरीर के कई स्थान पर चोट के निशान भी देखे जा सकते हैं. भाजपा नेताओं ने कहा कि इंस्पेक्टर के द्वारा गिरफ्तारी के बाद अपने कार्यालय में शराब के नशे में मारपीट क्यों की गयी. वहीं, जिस मारपीट की घटना में उसे इंस्पेक्टर ने अपने सुपर विजन में दोषी पाया है, उस घटना में वह शामिल भी नहीं था. कहा कि इंस्पेक्टर अपने कार्यालय को शराब का अड्डा बना रखा है. इसलिए जब तक इंस्पेक्टर पर कार्रवाई और गिरफ्तार युवक को छोड़ा नहीं जाता, तब तक लोग धरना पर बैठे रहेंगे. धरना में भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष मंडल, नरेश रजक, सांसद प्रतिनिधि विनोद यादव, बबलू मंडल, नकुल मंडल, हेमलाल मंडल, हरिहर मंडल, रामपति प्रसाद समेत कई लोग शामिल थे.
जांच कर एसपी को रिपोर्ट सौंपी जायेगी : एसडीपीओ
थाना गेट पर धरना की सूचना पर एडीपीओ धनंजय राम पहुंचे. जानकारी लेने के बाद कहा कि यदि किसी पुलिस अधिकारी ने इस तरह की घटना को अंजाम दिया है, तो अविलंब इसकी जांच कर रिपोर्ट एसपी को सौंपी कर कार्रवाई की अनुशंसा की जायेगी. कहा कि गिरफ्तार युवक पर मारपीट व अन्य मामला दर्ज करवाया गया. इसलिए गिरफ्तारी हुई है. उसे न्यायालय में प्रस्तुत किये जाने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जायेगी. भविष्य में ऐसी घटना नहीं होने का आश्वासन दिया. इशसके बाद ज्ञापन सौंप कर धरना समाप्त किया गया. एसडीपीओ ने पत्रकारों को बताया कि आरोपित पर सरिया बाजार के एक व्यवसायी ने मोबाइल का इएमआई को जमा करने के नाम पर मारपीट करने, दुकान के गल्ला से पैसे निकालने और जानलेवा हमले जैसे कई आरोप हैं. इसके बाद उसकी गिरफ्तारी की गयी. युवक पर पूर्व में भी मारपीट के कई मामले दर्ज हैं. थाना परिसर में मारपीट के मामले को लेकर कहा कि सभी बिंदु पर जांच की जा रही है. इसमें जो भी दोषी पाये जायेंगे, उनके विरुद्ध विधिवत एसपी को रिपोर्ट भेज कर कार्रवाई की अनुशंसा की जायेगी.
