Giridih News : प्रतिनिधि, गिरिडीह. सीसीएल की गिरिडीह कोलियरी में कोयला का अवैध खनन व तस्करी धड़ल्ले से जारी है. आये दिन गिरिडीह कोयलांचल क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से बाइक पर लादकर अवैध कोयला टपाया जा रहा है. इस अवैध कारोबार में एक ओर जहां कोयला माफियाओं की चांदी कट रही है, वहीं दूसरी ओर सीसीएल को राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है. अहम बात यह है कि सुरंग बनाकर की जा रही कोयले की चोरी के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
जानकारी के मुताबिक कबरीबाद में कोयला तस्करों ने सुरंग बनायी है. सीसीएल सूत्रों के मुताबिक सुरंग लगभग पांच सौ मीटर वृत्ताकार में फैली हुई है. यहां पर रात में बाइक पर सवार होकर कोयला तस्कर पहुंचते हैं और बोरा में कोयला भरकर इसे गंतव्य स्थान की ओर चले जाते हैं. बताया जाता है कि रात्रि में कोयला का अवैध खनन करने के साथ-साथ आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा उत्पादित कोयले को भी टपाया जाता है.
सूत्र बताते हैं कि कोयला के अवैध खनन के कारण बनियाडीह-बरवाडीह रोड का अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है. बताया जाता है कि कोयला चोरों की संख्या अधिक होती है. ऐसे में सुरक्षा गार्ड कोयला चोरी रोकने में विफल साबित होते हैं. कोयला चोरों द्वारा सुरक्षा प्रहरियों के साथ मारपीट की कई घटनाएं घटित हो चुकी है. बता दें कि बीती रात गिरिडीह कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी जीएस मीणा के नेतृत्व में सुरक्षा विभाग के प्रहरियों ने कबरीबाद में छापामारी कर कोयला तस्करी के लिए प्रयुक्त होने वाले एक दर्जन बाइक जब्त की है. इस कार्रवाई के दौरान मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो भी वहां पर पहुंचे थे.
कबरीबाद के अलावा ओपनकास्ट माइंस के आसपास संचालित है अवैध खंता :
कबरीबाद के अलावा ओपनकास्ट माइंस के आसपास कई अवैध खंता संचालित हैं. इन इलाकों के अलावे सीपी साइडिंग, आउटसोर्सिंग पैच से निरंतर कोयले की चोरी की जा रही है. सीसीएल सूत्रों के मुताबिक समय-समय पर अभियान चला कर अवैध खंताें की डोजरिंग की जाती है, लेकिन चंद दिनों के बाद पुन: यहां से अवैध खनन शुरू कर दिया जाता है. कोयला तस्करी के दौरान सड़क पर काफी तेज गति से बाइक चलाया जाता है. सुबह के वक्त बनियाडीह, अकदोनी, महेशलुंडी, करहरबारी, धोबीडीह आदि रास्ते पर तेज गति से बाइक चलाने की वजह से दुर्घटना की आशंका बनी हुई रहती है. इस वजह से कई अभिभावक डरे हुए हैं. यहां के अभिभावकों ने सीसीएल प्रबंधन एवं पुलिस प्रशासन से कोयला तस्करों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई करने की मांग की है.
अवैध खनन रोकने का प्रयास जारी : पीओ
गिरिडीह कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी जीएस मीणा ने कहा कि कोयला का अवैध खनन काफी खतरनाक है. कोयला चोर माइंस के अंदर आकर कोयला चोरी करते हैं. उन्होंने बताया कि सीसीएल प्रबंधन ने माइंस के चारों ओर सुरक्षा के दृष्टिकोण से लोहे की तार का फेंसिंग कराया है. इस फेंसिंग को काटकर ये लोग अंदर घुस जाते हैं और अवैध खनन करते हैं. उन्होंने कहा कि कोयला चोरी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाती है. कहा कि सीसीएल सुरक्षा विभाग द्वारा मुफस्सिल थाना पुलिस की सहयोग से कोयला चोरी रोकने का प्रयास जारी है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.