देवरी प्रखंड के कई गांव के हिंदू परिवार मुहर्रम मना रहे हैं. यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है. सभी नियमों का पालन करते हुए हिंदू परिवार के सदस्य इस पर्व को मनाते हैं. प्रखंड के चतरो, चितरोकुरहा, घसकरीडीह, गोरटोली, किसगो और हथगड़ गांव में सामाजिक सद्भाव के साथ हिंदू परिवार मुहर्रम मनाते हैं. प्रखंड के चतरो में ललन साव के नेतृत्व में मुहर्रम मनाया जा रहा है. मुजाबीर मो सलीम व खलीफा मो मुस्तकीम सभी रस्म पूरा करवा रहे हैं. यहां पर कई दशक से हिंदू समुदाय के द्वारा मुहर्रम मनाया जाता है. जानकारी के मुताबिक पूर्व में यहां पर मुस्लिम परिवार के द्वारा मुहर्रम मनाया जाता था, लेकिन जब मुस्लिम परिवार गांव को छोड़ कर दूसरी जगहों पर जाने लगे, तब एक मुस्लिम परिवार के सदस्य रहे झुलवा कलवारणी के आग्रह पर हिंदू परिवार के सदस्यों ने मुहर्रम पर्व मनाने की शुरुआत की, जो कि अब तक जारी है. मुहर्रम पर्व में पूरे गांव के लोग भाग लेते हैं. मुहर्रम के नौंवी के दिन गांव के लोग इमामबाड़ा के पास पहुंचकर फातिहा करवाते व सिरनी चढ़ाते हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
